सैयदराजा-जमानियां मार्ग जाम, जनता परेशान
सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर उक्त मार्ग से गुजरने वालों को शनिवार को भी परेशानियों को सामना करना पड़ा
जागरण संवाददाता बरहनी (चंदौली) : सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे उक्त मार्ग से गुजरने वालों को शनिवार को भी परेशानियों को सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। चार घंटे जाम में फंसे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो गए। स्कूली बच्चों और एंबुलेंस में मरीजों उनके तीमारदारों को फजीहत का सामना करना पड़ा। घंटों मशक्कत के बाद पुलिस एक तरफ का जाम छुड़ाकर आवाजाही सुचारु कर सकी तो लोग राहत की सांस ले सके। सैयदराजा-जमानियां मार्ग एनएच 97 से हजारों की संख्या में लोग वाहन से सफर करते हैं। इनमें चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और बिहार प्रांत के कैमूर, रोहतास सहित झारखंड तक के ट्रक उक्त मार्ग से गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर आदि स्थानों को बालू गिट्टी आदि समान लेकर जाते हैं। उक्त मार्ग की हालत जर्जर व जमनियां में नो इंट्री इन दिनों जाम का एक प्रमुख कारण है। नौ बजे रात से पांच बजे सुबह तक नो इंट्री रहती है। रुके वाहन आगे जाने के होड़ में जर्जर मार्ग में फंस जाते हैं। इससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। शुक्रवार की रात ऐसा ही हुआ है। शनिवार की सुबह के चार घंटे जाम लगा रहा। तीन स्कूली बस, सात स्कूली वैन और दो सरकारी एंबुलेंस, तीन प्राइवेट एंबुलेंस फंसे हूटर बजाते रहे। छोटे बड़े सवारी वाहन व दर्जनों बाइक वाले जाम में फसकर परेशान रहे। उक्त मार्ग पर पैदल चलना दुश्वार हो गया था। वहीं सुबह की रिमझिम बूंद-बांदी से पटरी पर फिसलन बढ़ गई। पुलिस ने कड़ी मेहनत कर जाम की समस्या को दूर किया, लेकिन थोड़ी राहत मिल पाई। लोग इस समस्या के प्रति जिला प्रशासन को कोसते हुए अपने गंतव्य को रवाना हुए।