समाज में अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल व एसपी हेमंत कुटियाल ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धार्मिक प्रमुखों व जिले के संभ्रांतजनों संग बैठक की। इस दौरान सीएए को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने लोगों से उपद्रव से दूर रहने और विकास में योगदान करने की अपील की। अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, चंदौली : जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल व एसपी हेमंत कुटियाल ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धार्मिक प्रमुखों व जिले के संभ्रांतजनों संग बैठक की। इस दौरान सीएए को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने लोगों से उपद्रव से दूर रहने और विकास में योगदान करने का आह्वान किया। अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने कहा, नागरिकता संशोधन कानून को लेकर गुमराह होने की जरूरत नहीं है। समाज में अशांति फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। इसलिए किसी तरह की हिसक गतिविधि में शामिल न हों। लोग अपने बच्चों को भी इसकी सलाह दें। विरोध-प्रदर्शनों व सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने से कुछ नहीं हासिल होगा। लोगों को अपनी सोच सकारात्मक रखते हुए विकास में योगदान देना चाहिए। कहा, नीति आयोग की ओर से जिले को आकांक्षात्मक घोषित किया गया है। जनपद के विकास के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें लोगों का सहयोग अपेक्षित है। इसलिए प्रशासन का सहयोग करें। चंदौली बनारस जिले का हिस्सा रहा है। विश्व के सबसे प्राचीन नगरों में शामिल बनारस गंगा जमुनी तहजीब के लिए दुनिया में प्रसिद्ध है। जिले में भी इसकी झलक दिखनी चाहिए। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने में योगदान के लिए संभ्रांतजनों को धन्यवाद दिया। एसपी ने कहा शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन का काम है। इसलिए सीएए को लेकर कड़ी निगरानी की जा रही है। खुफिया एजेंसियां, एलआइयू व सूचना तंत्र सक्रिय है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे में भ्रामक पोस्ट भेजकर सनसनी फैलाने की कोशिश भारी पड़ेगी। समाज में आपसी भाईचारा व शांति के साथ रहने वालों का पुलिस सहयोग करेगी। किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। हरसंभव मदद का प्रयास किया जाएगा। धार्मिक गुरुओं व संभ्रांतजनों ने अपनी समस्याएं बताईं। अधिकारियों ने समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया। सदर एसडीएम हीरालाल, एएसपी प्रेमचंद, एएसपी नक्सल वीरेंद्र यादव, सीओ कुंवर प्रभात सिंह, प्रदीप सिंह चंदेल समेत अन्य मौजूद थे।