सकलडीहा सर्किल में दो बजे तक खुलेंगी दुकानें
लॉकडाउन तृतीय के दौरान ग्रीन जोन में छूट के बाद भी व्यापारियों ने आम सहमति से दोपहर दो बजे तक दुकाने खोलने का निर्णय लिया है। शनिवार को सीओ कार्यालय में व्यापारियों ने एसडीएम और सीओ
जासं, सकलडीहा (चंदौली) : लॉकडाउन 3 के दौरान ग्रीन जोन में छूट के बाद भी व्यापारियों ने आम सहमति से दोपहर दो बजे तक दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। शनिवार को सीओ कार्यालय में व्यापारियों ने एसडीएम और सीओ से मिलकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव रखा। अधिकारियों ने व्यापारियों के निर्णय की सराहना करते हुए सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक दुकानें खोलने की सहमति पर मोहर लगाई।
कोरोना महामारी को लेकर पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया गया है। दूसरे चरण में सुबह 7 से 11 बजे तक आवश्यक खाद्य आपूर्ति की छूट दी गई थी। तीसरे चरण में सुबह सात से शाम सात बजे तक छूट मिलने से बाजारों में भीड़ जुटने लगी है। लोग शारीरिक दूरी को नजरंदाज कर बगैर मास्क लगाए बेवजह घूमने लगे। यही नहीं बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूर भी इधर-उधर घूम रहे हैं। इससे त्रस्त होकर व्यापारियों ने सर्वसम्मति से सुबह 8 से दोपहर दो बजे तक दुकान खोलने का निर्णय लिया। एसडीएम प्रदीप कुमार व सीओ जगत कन्नौजिया ने बताया कि सर्किल के सकलडीहा, चहनियां व धानापुर में इस निर्णय को लागू किया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्त, पवन वर्मा, अजय सिंह, लालचंद सेठ, राजू जायसवाल, उमेश चौरसिया आदि उपस्थित थे।