छठ महापर्व पर पीडीडीयू मंडल में भीड़ प्रबंधन की पुख्ता तैयारी, 300 से अधिक ट्रेनों का हो रहा परिचालन
छठ महापर्व के लिए पीडीडीयू मंडल में यात्रियों की भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी की गई है, जिसमें डीआरएम उदय ...और पढ़ें

छठ महापर्व पर पीडीडीयू मंडल में यात्रियों की भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी।
HighLights
पीडीडीयू मंडल में छठ महापर्व के लिए भीड़ प्रबंधन की तैयारी।
डीआरएम उदय सिंह मीना वार रूम से कर रहे निगरानी।
सात स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, 300 से अधिक ट्रेनें संचालित।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। छठ महापर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के पीडीडीयू मंडल में भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी की गई है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना खुद वार रूम से तैयारियों और विभिन्न स्टेशनों की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रतिदिन 300 से अधिक यात्री ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। इनमें 55 से 60 स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों को स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ से बचाने और सुरक्षित तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाने के लिए सात प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया विकसित किए गए हैं। पीडीडीयू जंक्शन, भभुआ रोड, दुर्गावती, सासाराम, डेहरी आन सोन, अनुग्रह नारायण रोड और गया जंक्शन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ठहराने और ट्रेन आने पर प्लेटफार्म तक भेजने की व्यवस्था है। इससे प्लेटफार्मों पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
सात विशेष ट्रेनों से बढ़ाई सुविधा
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पीडीडीयू मंडल से चार मेल-एक्सप्रेस विशेष ट्रेनें नई दिल्ली और चेन्नई के लिए चलाई जा रही हैं। इसके अलावा पीडीडीयू से गया के बीच दो मेमू और गया से पटना के बीच एक मेमू विशेष ट्रेन का संचालन हो रहा है। इससे बिहार की ओर जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल रहा है।
टिकट काउंटर से लेकर वार रूम तक निगरानी
स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने के साथ एम-यूटीएस, सर्कुलेटिंग एरिया और एटीवीएम के माध्यम से टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, पीडीडीयू मंडल मुख्यालय में स्थापित केंद्रीयकृत वार रूम से विभिन्न स्टेशनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। डीआरएम उदय सिंह मीना अधिकारियों से लगातार फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
सुरक्षा के साथ स्वच्छता पर भी जोर
भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की तैनाती की गई है। टिकट जांच कर्मियों के साथ स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक भी यात्रियों को कतारबद्ध करने और सही दिशा में भेजने में सहयोग कर रहे हैं। स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली को मजबूत किया गया है।
यात्रियों को पर्व का एहसास कराने के लिए छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण भी हो रहा है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय और प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रेलवे का जोर अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन के साथ यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने पर है।