लॉकडाउन से सड़कें वीरान, गलियों में पसरा सन्नाटा
लॉकडाउन से सड़कें वीरान गलियों में सन्नाटा
जागरण संवाददाता, चंदौली : लॉकडाउन में शुक्रवार को सड़कें वीरान दिखीं, वहीं गलियों में भी सन्नाटा पसरा रहा। सुबह के वक्त थोड़ी देर के लिए छूट मिली तो लोगों ने सब्जी, फल और जरूरी सामान की खरीद की। दोपहर 12 बजे के बाद दुकानें बंद करा दी गई। वहीं सड़क पर बेवजह घूम रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़कर घरों में कर दिया। पुलिस ने नगरों व कस्बों का भ्रमण कर जायजा लिया। एसडीएम व थानाध्यक्ष भी सक्रिय रहे।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन है। ऐसे में लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। जिले में इसका असर दिख रहा है। चंद लोगों को छोड़कर अन्य पीएम की अपील का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं। नगर ही नहीं ग्रामीण इलाके की सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से जगह-जगह घेरेबंदी रही। सड़क पर निकलने वाले प्रत्येक व्यक्ति को रोककर कारण पूछने पर ही छोड़ा जा रहा था। सुबह 8:30 से दोपहर 12 बजे तक किराना, फल और सब्जी की दुकानें खुलीं। हालांकि बाजार में भीड़ कम ही रही। समय सीमा खत्म होने के बाद दुकानें बंद हो गईं। नहीं मानें तो होगी और सख्ती
लॉकडाउन का पालन कराने में जुटी पुलिस के लिए सड़क पर बेवजह घूमने और तफरी करने वाले चुनौती बने हुए हैं। इन पर पीएम की अपील का कोई असर नहीं हो रहा। हालांकि पुलिस की ओर से इन्हें घरों से नहीं निकलने देने को हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। लॉकडाउन का अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार लॉकडाउन ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। लोगों की आवाजाही कम होने से सड़कों पर सियापा छाया हुआ है। हर गलियां सुनसान पड़ी हुई हैं। हमेशा गुलजार रहने वाले बाजार में इक्का-दुक्का लोग की आवागमन करते देखे जा रहे हैं। व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी भी मुस्तैद हैं।
लॉकडाउन को नौ दिन हो चुके हैं। इतने दिनों में लोग घरों से बाहर नहीं निकले हैं। बस आवश्यक काम या जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोग बाहर दिखाई दे रहे हैं। प्रशासनिक अमला भी वायरस से बचने के लिए लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दे रहा है। इतनी सहूलियत है कि सुबह सात से नौ बजे तक आवश्यक दुकानें खुल रही हैं। इस बीच लोग जरूरत के सामान की खरीदारी कर ले रहे हैं। इसके बाद नगर में सियापा छा जा रहा है।