चूहे ने 10 घंटे तक ठप की विद्युत आपूर्ति
चूहे के चलते नगर के चार वार्डों के उपभोक्ताओं को 10 घंटे बगैर बिजली के रहना पड़ा। शुक्रवार की देर रात चंधासी स्थित विद्युत उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केवी फीडर नंबर तीन के पैनल में छछूंदर घुस जाने से शार्ट सर्किट से आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। शनिवार की सुबह दस बजे गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली): चूहे के चलते नगर के चार वार्डों के उपभोक्ताओं को 10 घंटे बगैर बिजली के रहना पड़ा। शुक्रवार की देर रात चंधासी स्थित विद्युत उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केवी फीडर नंबर तीन के पैनल में चूहा घुस जाने से शार्ट सर्किट हो गया और आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। शनिवार की सुबह दस बजे गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई। शार्ट सर्किट से दस घंटे तक आपूर्ति ठप रही। बिजली न रहने से लोगों को दिक्कत हुई। रात लगभग 12.30 बजे तेज धमाके के साथ 11 केवी इनकमिग फीडर नंबर एक ब्रेक डाउन हो गया। इससे निकलने वाले आउटगोइंग फीडर 11 केवी फीडर नंबर दो व तीन से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ जनार्दन गिरी ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। रात में ही परिचालन से जुड़े कर्मचारियों ने सक्रियता दिखाई और रात लगभग 1.30 बजे सभी फीडरों से विद्युत आपूर्ति सामान्य हो गई। लेकिन छोड़ी ही देर बाद चूहे ने कर्मचारियों का सिरदर्द बढ़ा दिया। फीडर नंबर तीन के पैनल में घुस जाने से हुए शार्ट सर्किट के कारण उक्त फीडर से विद्युत आपूर्ति बंद हुई तो सुबह ही बहाल हो सकी। दस घंटे तक काली महाल, कसाब महाल, शाहकुटी, मैनाताली आदि वार्डों में बिजली नहीं रही। अवर अभियंता एके पांडेय ने बताया रात में ही गड़बड़ी दुरुस्त कर दी गई थी लेकिन चूहे की वजह शार्ट सर्किट हो गया। सुबह दस बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।