रेल राज्यमंत्री तक न पहुंचने देने पर भड़के ग्रामीण
अपनी समस्याओं को लेकर स्टेशन पहुंचे क्षेत्रीय लोगों को रेल प्रशासन ने रेल राज्यमंत्री से मिलने नही दिया। इसे लेकर आक्रोशित लोगों ने प्लेटफार्म पर ही विरोध जताया। आरोप लगाया कि रेल प्रशासन ने अपनी कलई खुलने के डर से उन्हें मंत्री तक पहुंचने नही दिया।
जासं,सकलडीहा(चंदौली) : अपनी समस्याओं को लेकर स्टेशन पहुंचे क्षेत्रीय लोगों को रेल प्रशासन ने रेल राज्यमंत्री से मिलने नहीं दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने प्लेटफार्म पर ही विरोध जताया। आरोप लगाया कि रेल प्रशासन ने अपनी कलई खुलने के डर से उन्हें मंत्री तक पहुंचने नहीं दिया।
ग्रामीणों का प्रतिनिधित्व कर रहे राम निवास पाठक ने कहा कि रेल सुविधाओं में सुधार का रेल राज्यमंत्री का दावा फिजूल है। स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का घोर अभाव है। सुबह साढ़े छह बजे डीएमयू के बाद मुगलसराय या वाराणसी जाने के लिए पांच घंटे तक कोई ट्रेन नहीं है। अलबत्ता भोजापुर शटल व जनता सहित आधा दर्जन ट्रेनों को बंद करने से यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। स्टेशन पर प्लेटफार्म, शौचालय, पेयजल व प्रतीक्षालय की हालत भी सोचनीय है। आरोप लगाया कि रेल प्रशासन रेल राज्यमंत्री को क्षेत्रीय समस्याओं से अनभिज्ञ रखता है। चेताया कि समाधान न होने पर क्षेत्रीय लोग शीघ्र ही आंदोलन छेड़ेंगे। पुनवासी यादव, इलियास, राजेश व महेंद्र सहित अन्य उपस्थित थे।