रेल कर्मियों ने कर्तव्यों के अनुपालन का लिया संकल्प
जागरण संवाददाता पीडीडीयू नगर (चंदौली) पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के डीआरएम कार्यालय
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के डीआरएम कार्यालय सभागार में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। डीआरएम राजेश कुमार पांडेय ने संविधान की उद्देशिका को पढ़कर सुनाया। अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान में बताए गए मानव के कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प दिलाते हुए संविधान से जुड़ी जानकारी दी।
डीआरएम ने कहा भारत का संविधान-उद्देशिका ही है कि हम भारत के लोग एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न समाजवादी पंथ निरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए और उसके सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक, न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करने के लिए है। उनके साथ उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने संविधान में उल्लिखित 11 मूल कर्तव्यों के अनुपालन का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर सभी कर्मियों से सदैव संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों एवं कर्तव्यों का पालन करने की बात कही गई। अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रथम राकेश कुमार रोशन, अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वितीय अतुल कुमार सहित सभी शाखाधिकारी उपस्थित थे।