CM Yogi का बड़ा एलान, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ेंगे ये 2 नए जिले; 200 करोड़ से अधिक लागत का बनेगा कोर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदौली के विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली से सोनभद्र होते हुए शक्तिनगर तक जोड़ा जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे को भी चंदौली से जोड़ा जाएगा। नौगढ़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास पर जोर दिया जा रहा है और कालेजों में विज्ञान की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

जागरण संवाददाता, चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद के विकास के लिए हमारी डबल इंजन की सरकार की ओर से कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वाराणसी रिंग रोड से चंदौली को जोड़ने के साथ बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज का संचालन बीते वर्ष से हो रहा है। आने वाले दिनों में दो सौ करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड जनपद न्यायालय का निर्माण कराया जाएगा।
एक ही छत के नीचे अधिवक्ताओं के चैंबर तो बनेंगे ही न्यायिक अधिकारियों के आवास का निर्माण भी कराया जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लखनऊ से गाजीपुर तक लोग लाभ उठा रहे हैं। अब इसे चंदौली से सोनभद्र होते हुए शक्तिनगर तक भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को कलेक्ट्रेट में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
अपने सात मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि अब जनपद वासियों को गंगा एक्सप्रेस वे का भी लाभ मिलेगा। मेरठ से प्रयागराज तक काम लगभग अंतिम चरण में है। आगे इसे मीरजापुर, भदोही, वाराणासी से चंदौली होते हुए गाजीपुर तक जोड़ा जाएगा। यह जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
ग्रीन फिल्ड के तहत वाराणसी से कोलकाता तक मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। मेडिकल कालेज में बाबा कीनाराम की मूर्ति की स्थापना कराई जाएगी। कहा कि नौगढ़ क्षेत्र में नौकरी की नई संभावनाओं के लिए औद्योगिक विकास पर बल दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह विकास की धुरी बनेगा। कृषि प्रधान जनपद के साथ यह औद्योगिक जनपद के रूप में विकसित होगा।
कहा कि जनपद के कालेजों में विज्ञान वर्ग की कक्षाओं के संचालन की मांग को पूरा किया जाएगा। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष के पौधे का रोपण किया। प्रभारी मंत्री संजीव गौड़, विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल, कैलाश आचार्य, राज्य सभा सदस्य दर्शना सिंह, साधना सिंह, डीएम चंद्रमोहन गर्ग व एसपी आदित्य लांग्हे सहित अन्य जन प्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
2.24 पर कलेक्ट्रेट पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 2.24 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। सर्व प्रथम पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में एक पेड़ मां के नाम के तहत रुद्राक्ष के पौधे का रोपण किया।
इसके बाद सीधे सभागार में विकास कार्य व कानून व्यवस्था की समीक्षा करने पहुंचे। 50 मिनट तक उन्होंने समीक्षा बैठक की। इसके बाद मीडिया को संबोधित किया। 4.07 बजे सीएम जगदीशसराय स्थित सन मेरिनो एकेडमी में बनाए गए हेलिपैड के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रही।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सीएम के आगमन को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से परिसर में प्रवेश करने के लिए सघन जांच के बाद ही किसी को प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।