चंदौली में झोलाछाप के इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
चंदौली के कंदवा में एक झोलाछाप के इलाज के दौरान 21 वर्षीय गर्भवती महिला रिंकी देवी की मौत हो गई। ...और पढ़ें

चंदौली में झोलाछाप के इलाज से गर्भवती महिला की मौत परिजनों ने किया हंगामा।
HighLights
21 वर्षीय गर्भवती महिला की झोलाछाप के इलाज से मौत।
चंदौली के कंदवा में निजी चिकित्सालय में हुई घटना।
परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर किया जमकर हंगामा।
जागरण संवाददाता, चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के कंदवा में रविवार को झोलाझाप के इलाज में प्रसव के दौरान 21 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अदसड़ गांव निवासी रिंकी देवी के रूप में हुई। घटना के बाद स्वजन की ओर से हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सालय संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिवार के लोगों ने बताया कि रविवार की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर रिंकी देवी को कंदवा स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। वहां उसकी हालत ठीक नहीं होने पर चिकित्सक ने उसे ब्लड चढ़ाया। रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजन आनन-फानन उसे लेकर दूसरे चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि महिला की करीब दो घंटे पहले ही मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजन शव लेकर कंदवा स्थित चिकित्सालय पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। आरोप है कि झोलाझाप अस्पताल बंद कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की सूचना पर कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है।