चंदौली में देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस का छापा, दो महिला सहित सात पुरुष पकड़ाए
चंदौली के मझवार स्टेशन के पास एक मकान में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान सात पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार युवतियों को रेस्क्यू कराया गया।

चंदौली में देह व्यापार अड्डे पर पुलिस का छापा सात पुरुष दो महिलाएं गिरफ्तार।
HighLights
पुलिस ने देह व्यापार के अड्डे पर छापा मारा।
सात पुरुष और दो महिलाएं मौके से गिरफ्तार हुए।
चार युवतियों को पुलिस ने रेस्क्यू कराया।
जागरण संवाददाता, चंदौली। मझवार स्टेशन से आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर स्थित एक मकान में संचालित देह व्यापार के अड्डे पर सोमवार की देर रात पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस टीम ने मौके से सात पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया, जबकि चार युवतियों को रेस्क्यू कराया।
गिरफ्तार महिलाओं में वाराणसी और चंदौली की महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से संदिग्ध वस्तुओं के साथ, 12,890 रुपये नकद, पीली और सफेद धातु के आभूषण, बैंक पासबुक, जमा पर्ची और मोबाइल फोन बरामद किए। मामले में एक अन्य महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मकान में रहने वाली महिला बाहरी युवतियों को रुपये का लालच देकर बुलाती थी और उनसे अनैतिक देह व्यापार कराती थी।
क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार ने प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के साथ पुलिस टीम गठित की। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके पर मिले नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, वहां मौजूद चार युवतियों को रेस्क्यू कराया गया।
पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी हुई कि बंगाल और बिहार से युवतियों को लालच देकर देह व्यापार के लिए बुलाया जाता था। वहीं, फरार महिला को देह व्यापार का मुख्य सरगना बताया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद नकदी अलग-अलग कमरों और अलमारी से मिली है। इसके अलावा आभूषण, बैंक पासबुक, जमा पर्ची और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं देह व्यापार से जुड़े मामले
चंदौली में आठ मार्च 2026 की देर शाम मझवार रेलवे स्टेशन के पास एक मकान में पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया था। मौके से 1,680 पैकेट कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी। वहीं, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के डहिया स्थित मकान में 28 अगस्त 2026 को पुलिस और साइबर सेल की टीम ने छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
इनमें एक दंपती भी शामिल था। पुलिस के अनुसार, गिरोह देह व्यापार से जुड़ी महिलाओं को मकान पर बुलाकर उनके वीडियो बनाता था और उन्हें प्रसारित करने की धमकी देकर वसूली करता था। जांच में छह महिलाओं को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।