पुलिस के हाथ खाली, मुख्य आरोपित पकड़ से दूर
फालोअप पुलिस के हाथ खाली मुख्य आरोपित पकड़ से दूर
जासं, चंदौली : सदर कोतवाली के बिसौरी गांव में रविवार को लाठी-डंडे से पीटकर किसान की हत्या की घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस मुख्य आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें एक ही आरोपित अभी तक पुलिस के हत्थे चढ़ सका है। जबकि अन्य फरार हैं। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से परिजनों व ग्रामीणों में नाराजगी है।
बिसौरी गांव में आठ विस्वा जमीन के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने भोला यादव को रविवार को लाठी-डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस खून से लथपथ घायल को अपने वाहन से जिला अस्पताल ले आई। यहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान घायल किसान की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मनोज यादव, मनीष, गब्बर व विक्की यादव समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसमें मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि मुख्य आरोपित मनोज समेत तीन अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी को हाथ-पांव मार रही है। लेकिन सफलता नहीं मिली है। घटना से आहत परिजन व ग्रामीणों में पुलिस की सुस्ती से नाराजगी है। सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने कहा आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप