सपा के पूर्व विधायक को पुलिस ने किया नजरबंद
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कृषि कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी क
जागरण संवाददाता, चंदौली : गणतंत्र दिवस के अवसर पर कृषि कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी की ओर किए जाने वाले प्रदर्शन को लेकर सोमवार को पुलिस ने सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को नजर बंद कर दिया। पुलिस की कार्रवाई के आगे समर्थकों की एक नहीं चली। पुलिस ने उन्हें उनके घर में ही नजरबंद किया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। पूर्व विधायक के खिलाफ की गई कार्रवाई से कार्यकर्ताओं में रोष रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। किसानों का दमन किया गया तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
दिल्ली में कृषि कानून के विरोध में डेढ़ माह से किसान आंदोलित हैं। मंगलवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकालने का निर्णय लिया है। इसमें किसानों के विभिन्न संगठनों के साथ प्रमुख विपक्षी दल भी आगे आ गए हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से भी ट्रैक्टर परेड में शामिल होने का ऐलान किया गया है। इसके मद्देनजर सोमवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह गांवों में जनसंपर्क कर किसानों को जागरूक कर रहे थे, ताकि आंदोलन को सफल बनाया जा सके। पुलिस प्रशासन को भनक लगी तो उन्हें उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया। चेताया किसानों को भड़काया गया तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। पुलिस ने चेताया कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।