तालाब में फेंका जहर, हजारों मछलियां मरी
बरहुआ गांव स्थित तालाब मे शरारती तत्वों ने सोमवार को जहर घोल दिया। इससे तालाब में पाली गई हजारों मछलियां मर गई।अचानक घटित घटना से गांव में हलचल मच गई। बड़ी संख्या में लोग तालाब किनारे पहुंच गए। मछली पालन करने वालों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जासं, इलिया (चंदौली) : बरहुआ गांव स्थित तालाब में शरारती तत्वों ने सोमवार को जहर घोल दिया। इससे तालाब में पाली गई हजारों मछलियां मर गई। अचानक घटित घटना से गांव में हलचल मच गई। बड़ी संख्या में लोग तालाब किनारे पहुंच गए। मछली पालन करने वालों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तालाब में मछली पालन के लिए गत वर्ष ग्राम पंचायत की ओर से विनोद दुबे, केसरी नंदन, राम नारायण व जयप्रकाश भारती को तालाब का आवंटन किया गया था। इसमें आवंटियों ने मछली पालन का कार्य प्रारंभ कर दिया। तालाब में बड़ी तादाद में मछलियां हो गई थीं। जिन्हें प्रतिदिन पालकों द्वारा चारा फेंका जाता था। सुबह गांव के लोग जब तालाब पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में मछलियां पानी के ऊपर उतरा रहीं थीं। लोगों ने मछली पालकों को इत्तला किया। लोगों ने जब तहकीकात की तो उतराई हुई मछलियां मृत पाई गईं। यह देख मछली पालकों के होश उड़ गए। लोगों ने इसे रंजिश बस किसी शरारती तत्व द्वारा की गई कारस्तानी करार दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।