अप्रशिक्षित मजदूरों के कारण हुआ आक्सीजन फैक्ट्री में ब्लास्ट
जागरण संवाददाता पीडीडीयू नगर (चंदौली) चंधासी स्थित इंडियन एयर गैस लिमिटेड की फैक्ट्री ।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : चंधासी स्थित इंडियन एयर गैस लिमिटेड की फैक्ट्री में अप्रशिक्षित मजदूरों से काम लिया जा रहा। मजदूरों के पास अनुभव तो है लेकिन तकनीकी ज्ञान न होने के कारण हादसा हो जा रहा। लापरवाही की वजह से ही ब्लास्ट की घटना हुई और तीन मजदूर झुलस गए। घटना के दूसरे दिन भी लोग सहमे रहे। 17 साल पहले भी फैक्ट्री में एसिटिलीन गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया था। उस समय एक मजदूर झुलस गया था। आसपास रहने वाले लोगों के लिए फैक्ट्री अब खतरा बनने लगी है। चंधासी में जब आक्सीजन फैक्ट्री स्थापित हुई थी तो उस समय आसपास घनी आबादी नहीं थी। धीरे धीरे जनसंख्या बढ़ी तो चंधासी में भी लोग निवास करने लगे। वर्तमान समय की बात की जाए तो फैक्ट्री के आसपास कई कालोनियां बस गई हैं। आक्सीजन फैक्ट्री से कई जिलों में आक्सीजन की सप्लाई की जाती है। मंगलवार की सुबह फैक्ट्री में अचानक ब्लास्ट हो गया। घटना के बाद हर कोई कर्मचारियों को भी दोषी मानने लगा है। फैक्ट्री में काम करने वाले लगभग 70 मजदूरों पर छह आपरेटर हैं। यहां काम करने वालों के पास अनुभव तो है लेकिन तकनीकी ज्ञान न होने से काम पर अड़चन आती है। मैनेजर एलके दीक्षित का कहना है कि घटना के बाद से सप्लाई चल रही है। सभी कर्मचारी काम कर रहे हैं। घटना के बाद कोई दिक्कत नहीं हुई है।