विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर पीडीडीयू नगर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, कमलापति अंडरपास से मझवार कट तक नो व्हीकल जोन

By Vivek Kumar Dubey Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 03:25 PM (GMT+05:30)

छठ महापर्व के मद्देनजर पीडीडीयू नगर में यातायात पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। 15 और 16 ...और पढ़ें

छठ महापर्व पर पीडीडीयू नगर में यातायात प्रतिबंध, भारी वाहनों की नो-एंट्री और नो-व्हीकल जोन लागू।

छठ महापर्व पर पीडीडीयू नगर में यातायात प्रतिबंध, भारी वाहनों की नो-एंट्री और नो-व्हीकल जोन लागू।

HighLights

  1. छठ पर पीडीडीयू नगर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  2. कमलापति अंडरपास से मझवार कट तक का क्षेत्र नो-व्हीकल जोन।

  3. 15 और 16 नवंबर को विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू।

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। छठ महापर्व पर घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने आवागमन सुचारु रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। इसके तहत पीडीडीयू नगर सहित आसपास के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कमलापति अंडरपास से मझवार कट तक का क्षेत्र नो व्हीकल जोन रहेगा। यहां सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

यातायात व्यवस्था में यह बदलाव 15 नवंबर दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक और 16 नवंबर को भोर दो बजे से सुबह आठ बजे तक लागू रहेगा। वहीं, कमलापति अंडरपास से मझवार कट और नवहीं मार्ग पर 16 नवंबर को भोर तीन से सुबह नौ बजे तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार विक्रम सिंह महाविद्यालय (हरिशंकरपुर मोड़) से मुगलसराय कस्बे की तरफ भारी और मालवाहक वाहन नहीं जाएंगे।

सपा तिराहे से चकिया तिराहे की तरफ भी ऐसे वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली जाने वाले वाहन भपौली मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। चकिया तिराहे और कोयला मंडी से मुगलसराय कस्बे की तरफ भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। वाराणसी जाने वाले वाहन गोधना मोड़ से रामनगर अथवा रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे।

कोयला मंडी से पड़ाव की तरफ भी भारी वाहन नहीं जाएंगे। पड़ाव चौराहे से मुगलसराय कस्बे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली जाने वाले वाहन रामनगर होते हुए एनएच-19 से निकलेंगे। इसी तरह आलमपुर और गोधना चौराहे से मुगलसराय की तरफ भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। वाराणसी जाने वाले वाहन एनएच-19, पचफेड़वा रिंग रोड और रामनगर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

कमलापति अंडरपास से मझवार तक पूरी तरह प्रतिबंध
कमलापति अंडरपास से मझवार कट के पूर्वी छोर तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मझवार रेलवे स्टेशन कट से कमलापति अंडरपास की तरफ भारी वाहन नहीं जाएंगे। सैयदराजा और बिहार की तरफ जाने वाले वाहन एनएच-19 से होकर गुजरेंगे। वहीं, कमलापति अंडरपास चंदौली से सकलडीहा, वाराणसी और गाजीपुर की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन मार्गों के वाहन एनएच-19 का इस्तेमाल करेंगे।

हाईवे पर खड़े होंगे वाहन, पोखरे तक पैदल जाएंगे श्रद्धालु
नवहीं की तरफ से चंदौली कस्बे में आने वाले वाहन कमलापति त्रिपाठी अंडरपास की तरफ नहीं जाएंगे। ऐसे वाहन पश्चिम दिशा में मुड़कर हाईवे अथवा सर्विस लेन पर खड़े किए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु पैदल पोखरे तक पहुंचेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।