अधिकारों के प्रति सजग होंगे पालिका सभासद
नगर पालिका सभासदों को उनके अधिकार और पालिका के कार्यक्षेत्र के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए सभी 25 वार्ड सदस्यों को पालिका अधिनियम की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यशाला के जरिए प्रशिक्षित भी करने की योजना बनाई गई है। नगर पालिक अध्यक्ष की यह सराहनीय पहल शीघ्र ही मूर्त रूप लेगी। फिलहाल अधिनियम की प्रति तैयार कराई जा रही है।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : नगर पालिका सभासदों को उनके अधिकार और पालिका के कार्यक्षेत्र के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए सभी 25 वार्ड सदस्यों को पालिका अधिनियम की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यशाला के जरिए प्रशिक्षित भी करने की योजना बनाई गई है। नगर पालिका अध्यक्ष की यह पहल शीघ्र ही मूर्त रूप लेगी। फिलहाल अधिनियम की प्रति तैयार कराई जा रही है।
निकायों के विकास की रीढ़ माने जाने वाले सदस्यों को अधिकारों का बोध कराने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। नगर पालिका के इतिहास में पहली दफा इस तरह का अनूठा प्रयास शुरू किया जा रहा है। इसका लाभ सभासदों को मिलेगा साथ ही विकास को भी गति मिलेगी। सभासद अपने अधिकार के प्रति सजग होंगे तो कायदे से हक की लड़ाई भी लड़ सकेंगे। अधिनियम के जरिए उन्हें नगर पालिका परिषद की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी हो सकेगी। यह भी जान सकेंगे कि नगर अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी का कार्यक्षेत्र क्या है। इसका लाभ यह होगा कि बोर्ड की बैठकों के दौरान सदस्य अपनी बात को दमदारी के साथ मिनी सदन में रख सकेंगे। अध्यक्ष संतोष खरवार ने बताया कि सभासदों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि उनके और पालिका के अधिकार क्या हैं। जागरूक होने पर अपनी बात तार्किक तरीके से रख सकेंगे। इससे बोर्ड की कार्य क्षमता बढ़ेगी साथ ही विकास में भी तेजी आएगी। अधिनियम की प्रति छपवाई जा रही है। शीघ्र ही इसका वितरण करवाया जाएगा। विधि विशेषज्ञ द्वारा प्रशिक्षित कराने पर भी विचार किया जा रहा है।