लोकपाल हर हफ्ते सुनेंगे जनता की फरियाद
जागरण संवाददाता, चंदौली : शासन ने मनरेगा में भ्रष्टाचार पर लगाम को मंडल स्तर पर लोकपाल की नियुक्ति क
जागरण संवाददाता, चंदौली : शासन ने मनरेगा में भ्रष्टाचार पर लगाम को मंडल स्तर पर लोकपाल की नियुक्ति कर दी है। लोकपाल हर सप्ताह एक दिन जिले में मौजूद रहकर मनरेगा संबंधी शिकायतें सुनेंगे। साथ ही उनके निस्तारण की पहल भी करेंगे। लोकपाल की नियुक्ति से मनरेगा की वर्षों से लंबित शिकायतों के निस्तारण की उम्मीद जग गई है।
ओमप्रकाश चौबे को वाराणसी मंडल के लिए मनरेगा लोकपाल नियुक्त किया गया है। वह हर सप्ताह गुरुवार के दिन जिले में मौजूद रहेंगे। सोमवार व मंगलवार को जौनपुर, बुधवार को वाराणसी और शुक्रवार को गाजीपुर में रहेंगे। शासन ने लोकपाल के बैठने के लिए कक्ष, कंप्यूटर, कंप्यूटर आपरेटर, परिचारक और क्षेत्र में भ्रमण के लिए वाहन के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। शासन का पत्र मिलने के बाद ग्राम्य विकास विभाग इंतजाम कराने में जुट गया है। विकास भवन में लोकपाल के बैठने के लिए कक्ष उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा मानक के अनुरूप अन्य इंतजाम भी कराए जाएंगे। जनपद में मनरेगा की दर्जनों शिकायतें वर्ष 2014 से ही लंबित हैं। आज तक इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। भ्रष्टाचार से संबंधित फाइलें भी विभागीय कार्यालयों में धूल फांक रही हैं। शिकायतकर्ता अधिकारियों के यहां गुहार लगाते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। लोकपाल की नियुक्ति होने के बाद पुराने लंबित मामलों के निस्तारण की उम्मीद जग गई है। डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह ने बताया कि शासन स्तर से मनरेगा लोकपाल की नियुक्ति की गई है। लोकपाल हर सप्ताह गुरुवार के दिन जिले में मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुन निस्तारण कराएंगे।