अंगदान के महत्व को समझाने के लिए जवानों ने निकाली रैली
जागरण संवाददाता पीडीडीयू नगर (चंदौली) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल साहूपुरी बटालियन के जवानो
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल साहूपुरी बटालियन के जवानों ने सोमवार को चंदौली से पड़ाव तक अंगदान के महत्व को समझाने के लिए जागरूकता साइकिल रैली निकाली। कमांडेंट रामलखन राम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा अंगदान सबसे बड़ा दान है। इसकी मदद से इंसान 50 जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकता है। अंगदान से किसी को नया जीवन दिया जा सकता है। प्रतिवर्ष चार लाख से ज्यादा लोग कोई न कोई अंग खराब होने के चलते काल के गाल में समा जाते हैं। अंगदान के प्रति जनमानस में जागरूकता आ जाए तो हर साल हम लाखों जिदगियां बचा सकते हैं। किसी जीवित या मृत व्यक्ति के शरीर का कोई अंग दान करना अंगदान कहलाता है। यह अंग किसी दूसरे जीवित व्यक्ति के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाता है। इस कार्य के लिए दाता के शरीर से दान किए अंग को शल्यक्रिया द्वारा निकाला जाता है। अंगदान और प्रत्यारोपण हर वर्ष हजारों लोगों को जीवन का दूसरा अवसर प्रदान करता है। द्वितीय कमान अधिकारी मनोज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, उप कमांडेंट राजीव कुमार, उप कमांडेंट शशि कुमारन, सहायक कमांडेंट सहित दस अधीनस्थ अधिकारी व 32 जवान रैली में शामिल हुए।