शमशेर ब्रिज पर लगा जाम, हर कोई परेशान
फोटो 08 जागरण संवाददाता चकिया (चंदौली) नगर में जाम की समस्या के निराकरण को कोई
फोटो : 08
जागरण संवाददाता, चकिया (चंदौली) : नगर में जाम की समस्या के निराकरण को कोई इंतजाम नहीं है। हर रोज लग रहे जाम से आमजन कराह जा रहा। शुक्रवार को ब्रिज पर ऐसा जाम लगा कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। दोपहर में पुल के दोनों ओर वाहनों के अवागमन से जाम लग गया। इससे लोग बिलबिला उठे। वाहनों में सवार यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में विलंब हुआ।
सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़ा होने से मुख्य मार्ग सकरा हो गया। वहीं फुटपाथ पर दुकानें लगाने से लोग पैदल भी नहीं चल पाए। पुल पर जाम में फंसे राहगीर व्यवस्था को कोसते नजर आए। नागरिकों का कहना है कि बाजार में लगने वाले जाम से निजात को कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रतिबंध के बावजूद बड़े वाहन नगर में प्रवेश कर जा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी बाइक चालकों को हो रही है। कोतवाल रहमतुल्लाह खान ने कहा यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए शमशेर ब्रिज पर होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। जाम की समस्या न होने पाए इसके लिए नगर प्रशासन के साथ मिलकर सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने को जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।