चंदौली में मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी और नेटवर्क की समस्या दूर कराने के निर्देश
चंदौली में आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, नेटवर्क और जर्जर भवनों जैसी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए गए।

चंदौली में मतदान केंद्रों की समस्याओं पर अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश।
HighLights
चुनाव तैयारियों पर अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों संग बैठक की।
कई मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, नेटवर्क की समस्या पाई गई।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, चकिया (चंदौली)। आने वाले निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को तहसील स्थित विवेकानंद सभागार में उप जिलाधिकारी विकास मित्तल, तहसीलदार देवेंद्र यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कई केंद्रों पर बिजली, नेटवर्क, पेयजल, शौचालय और जर्जर भवनों की समस्याएं सामने आईं।
सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने वनभीषमपुर, ढोढ़नपुर, केसार, बैगाढ़ और मुसाखाड़ में नेटवर्क की समस्या बताई। अर्जी कला में बिजली कनेक्शन नहीं होने, मैढ़ी और सुड़ाव में बिजली व शौचालय की दिक्कत तथा मुबारकपुर में लो वोल्टेज से पेयजल संकट की जानकारी दी गई। मुड़हुआ में जर्जर कक्ष, प्रतापपुर में ध्वस्तीकरण कार्य, खरीद विद्यालय में कक्षों की कमी और खराब संपर्क मार्ग तथा बरांव में चहारदीवारी व खिड़कियों का अभाव भी सामने आया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 44 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट को आठ से दस मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा निर्वाचन कार्य में लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी। बैठक से अनुपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेटों को स्पष्टीकरण जारी करने की बात कही। सीओ ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांवों में विवादों और तनावपूर्ण स्थितियों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।