चंदौली में समिति खुलने के पहले डीएपी लेने को लगी कतार, खाली हाथ लौट गए 200 किसान
चंदौली के शहाबगंज में डीएपी खाद वितरण को लेकर समितियों पर भारी भीड़ और अव्यवस्था देखी गई, जहां 600 बोरी खाद बांटने के बाद भी 300 से अधिक किसान खाली हाथ लौटे। किसानों ने आरोप लगाया कि सचिवों की लापरवाही और चहेतों को खाद देने से यह स्थिति बनी है, जिससे पुलिस को बुलाना पड़ा।

गोदामों में भरपूर उर्वरक होने के बाद भी समितियों पर मारामारी, उदासीनता से बढ़ी परेशानी।
HighLights
शहाबगंज में डीएपी खाद के लिए किसानों ने सुबह से कतार लगाई।
600 बोरी डीएपी बंटी, 300 से अधिक किसान खाली हाथ लौटे।
अव्यवस्था पर पुलिस बुलाई गई, किसानों ने पक्षपात का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, शहाबगंज (चंदौली)। बफर गोदाम में भरपूर उर्वरक होने के बाद भी समितियों पर मारामारी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सचिवों की लापरवाही के चलते आवंटन के बाद भी उठान नहीं किया जा रहा है। डीएपी की जानकारी होते ही किसान टूट पड़ रहे हैं। बी-पैक्स शहाबगंज समिति पर डीएपी खाद लेने के लिए गुरुवार को समिति खुलने के पहले भाेर में ही किसान कतार में लग गए।
समिति पर 600 बोरी डीएपी का वितरण किया गया। इसके बाद भी 300 से अधिक किसान खाली हाथ लौट गए। खाद वितरण के दौरान अफरातफरी की स्थिति बनी रही। दोपहर तक कतार में खड़े रहने के बावजूद कई किसानों को बिना खाद लिए ही लौटना पड़ा। खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था और किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।
इसके बावजूद किसानों की नाराजगी कम नहीं हुई और हंगामे की स्थिति बनी रही। सीमित मात्रा में खाद उपलब्ध होने के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ी। किसान श्रीप्रकाश सिंह और नसीम ने समिति कर्मचारियों पर सत्ता पक्ष के लोगों के दबाव में खाद वितरण करने का आरोप लगाया।
कहा कि अपने चहेते लोगों को खाद उपलब्ध कराई गई, जबकि सुबह से लाइन में खड़े कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि फार्मर्स रजिस्ट्रेशन, किसान आईडी और आधार कार्ड बनवाने के बाद भी खाद प्राप्त करने में पहले से अधिक परेशानी हो रही है। सचिव ने बताया कि 135 किसानों को डीएपी वितरित की गई। चालीस किसानों को लौटना पड़ा है।