अगर ऐसे ही रहे हालात तो कैसे स्वच्छ होगा शहर
मिनी महानगर में स्वच्छता अभियान कैसा चल रहा है, लोग कितने जागरूक हैं और नगर पालिका कितने संजीदा होकर कार्य कर रही है, इसका उदाहरण सार्वजनिक स्थानों पर लगे डस्टबिन के गायब होने से लगाया जा सकता है।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : मिनी महानगर में स्वच्छता अभियान कैसा चल रहा है, लोग कितने जागरूक हैं और नगर पालिका कितना संजीदा होकर कार्य कर रही, इसका उदाहरण सार्वजनिक स्थानों पर लगे डस्टबिन के गायब होने से लगाया जा सकता है। एक के बाद एक कचरे के डिब्बे नजरों से ओझल होते जा रहे हैं। नगर पालिका इंटर कालेज के समीप, राम मंदिर ईस्टर्न बाजार, पटेल नगर सहित अन्य वार्ड इसकी नजीर हैं। इस समय वहां पर केवल स्टैंड ही हैं, उसमें लगे डिब्बे गायब हो चुके हैं। इससे आसपास के लोगों को कूड़ा निस्तारण में परेशानी हो रही है।
नगर पालिका अमले ने व्यावसायिक जगहों को चिह्नित कर सड़क किनारे रंग-बिरंगे डस्टबिन रखवाए थे, ताकि दुकानों व घरों से निकलने वाला कचरा लोग डस्टबिन में ही डालें और नगर की सड़कों पर गंदगी कम हो। नपा की कचरा गाडियां इन डस्टबिन से कचरा उठातीं है। अब डस्टबिन गायब हो रहे हैं, जिसका केवल फ्रेम ही सड़कों के किनारे लगा दिखाई दे रहा है। सरकारी अभियान को बड़ा रूप देते हुए नगर पालिका ने नगर में कदम-कदम पर कचरादान लगाने की योजना बनाई थी, कुछ जगहों पर कचरादान लगाए भी गए। पर चंद दिनों में कुछ जगहों पर डस्टबिन गायब हैं, जहां बचे हैं वहां भी उनके ढक्कन गायब हैं, तो कुछ जगहों पर टूटे-फूटे कचरादान फ्रेम में लटक रहे हैं। पुलिस चौकी के समीप डस्टबिन सुरक्षित
डस्टबिन गायब करने वाले लोगों को शायद यह पता है कि उन्हें कहां की डस्टबिन चोरी करना है और कहां नहीं। नगर में जहां हर जगहों से डस्टबिन चोरी हो रहे हैं वहीं कूड़ा बाजार पुलिस चौकी पर रखा गया डस्टबिन बचा है। नागरिकों का कहना है यहां चोरी करने में भय लगता होगा। वैसे पुलिस की निष्क्रियता व पालिका अधिकारियों की लापरवाही से चोरों का मनोबल बढ़ा है। ब्योरा तैयार करने का निर्देश
नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का पालिका ने लक्ष्य निर्धारित किया है। इसीलिए जगह जगह कूड़ेदान लगाए गए। यह बेहद शर्मनाक बात है कि डस्टबिन गायब हो रहे हैं। सफाई नायकों को डस्टबिन गायब वाले वार्ड का ब्यौरा तैयार करने को कहा गया है। वहीं पुलिस से इसकी शिकायत की जाएगी।
रोली गुप्ता, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद