बारिश से भींग गई धान की सैकड़ों बोरियां
धान क्रय केन्द्रों पर खुले आसमान के नीचे रखे सैकड़ों बोरा धान बेमौसम बारिश में भींग गया। इससे धान के खराब होने की संभावना बलवती हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा क्रय केंद्रों पर धान खरीदी के बाद सुरक्षित भंडारण का दावा किया गया था।
जासं, इलिया (चंदौली) : धान क्रय केन्द्रों पर खुले आसमान के नीचे रखे धान के सैकड़ों बोरे बेमौसम बारिश में भींग गए। इससे धान के खराब होने की संभावना बलवती हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा क्रय केंद्रों पर धान खरीदी के बाद सुरक्षित भंडारण का दावा किया गया था। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। नतीजा यह हुआ कि रुक रुक कर हो रही तेज बारिश व ओलावृष्टि से खरौझा स्थित क्षेत्रीय सहकारी समिति के परिसर में रखे धान के सैकड़ों बोरे भींग गए। भींगे धान अब अंकुरित होने लगे हैं। सहकारी समितियों पर गोदाम नहीं होने के चलते धान खुले आसमान के नीचे रखा है। खरीद केंद्र में धान के उठान की स्थिति काफी खराब है। बारिश के मद्देनजर तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से हजारों क्विटल धान खराब होने के कगार पर पहुंच गया है। केंद्र प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि करीब आठ हजार क्विटल धान की बोरी जगह के अभाव में परिसर में खुले आसमान तले रखी गई थी। इसके उठान को उच्चाधिकारियों को अवगत भी कराया गया है।