फिट रहने के लिए आधी आबादी ने चलाई साइकिल
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शनिवार को मुख्यालय समेत जनपद में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने साइकिल चलाई। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पांच किलोमीटर तक साइकिल चलाया। मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने नेगुरा गेट के समीप हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट के बाबत जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, चंदौली : फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शनिवार को मुख्यालय समेत जनपद में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने साइकिल चलाई। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पांच किलोमीटर तक साइकिल चलाया। मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने नेगुरा गेट के समीप हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट के बाबत जानकारी दी।
कहा, सरकार की ओर से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए फिट इंडिया मूवमेंट शुरू किया गया है। परिवार की रीढ़ मानी जाने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान है। इसलिए महिलाओं को साइकिल चलाकर फिट रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोगों की दिनचर्या दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। शारीरिक श्रम से लोग दूर होते जा रहे हैं। इसके चलते तमाम तरह की बीमारियों के चपेट में आ रहे है। साइकिल चलाने से कारगर व्यायाम और कोई नहीं है। साइकिल चलाकर लोग अपना काम भी निबटा सकते हैं। साथ ही शारीरिक रूप से फिट भी रहेंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। उपायुक्त श्रम रोजगार एमपी चौबे ने कहा, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गांवों का प्रतिनिधित्व करती हैं। फिट इंडिया मूवमेंट में महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्र में महिलाएं स्वास्थ्य के प्रति सचेत होंगी। साइकिल रैली नेगुरा मोड़ से शुरू होकर रामगढ़ तक गई। नीलम, अहिल्या, सावित्री, अनिता, अर्चना, विजयलक्ष्मी, शकुंतला मौजूद रहीं।
--------------------------
साइकिल चलाकर किया जागरूक
मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. रामचंद्र शुक्ला के नेतृत्व में शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने कालेज के मैदान में साइकिल चलाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत लोगों को स्वस्थ्य रहने के लिए साइकिल चलाने को प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने कहा, साइकिल चलाने से स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। वहीं पर्यावरण प्रदूषण से भी निजात मिलेगी।