भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के आरोपित महामंत्री को हटाया गया
अवैध बूचड़खाना संचालित कर रहे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी पर शिकंजा कस दिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विनय कुमार श्रीवास्तव ने सख्त कार्रवाई करते हुए पद से मुक्त करते हुए कार्रवाई के लिए अनुशासन समिति को रिपेार्ट भेज दी है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर(भदोही): अवैध बूचड़खाना संचालित कर रहे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी पर शिकंजा कस दिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विनय कुमार श्रीवास्तव ने सख्त कार्रवाई करते हुए पद से मुक्त करते हुए कार्रवाई के लिए अनुशासन समिति को रिपेार्ट भेज दी है। साथ कहा कि अपराधी और भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों को भाजपा में बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।
भदोही नगर में स्थानीय जन प्रतिनिधियों के संरक्षण में तीन साल से अवैध बूचड़खाना संचालित किया जा रहा था। मोहल्ले में सफाई करने गए सफाई कर्मियों ने अवैध कारोबार की पोल खोल दी थी। इस मामले में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। कोतवाली पुलिस भी मामले में लीपापोती करते हुए महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई नहीं की। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जावेद कुरैशी अवैध बूचड़खाना संचालित करने के लिए समय-समय पर सत्तादल में ओहदा प्राप्त कर लेता था। बसपा शासन में भी वह किसी पद पर रह चुका है। पद हासिल करने के लिए कीमती गिफ्ट भी भेंट कर देता है। मामला दर्ज हुए 21 दिन बाद भी पुलिस आरोपित जावेद कुरैशी पर हाथ नहीं डाल रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि कोई ताकतवर व्यक्ति उसे संरक्षण दे रहा है। हद तो तब हो जाती है कि जब वह बेधड़क नगर में टहल हो रहा है और पुलिस को उसका सुराग नहीं मिल रहा है। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ऐसे पेशेवर लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में उसे पद मुक्त कर दिया गया है।