चंदौली में श्रमिकों की आनलाइन उपस्थिति में मिली डुप्लीकेट फोटो, संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
चंदौली के चकिया विकास खंड में वीबी-जीरामजी योजना के तहत श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति में डुप्लीकेट फोटो का मामला सामने आया है। शासन के सत्यापन में 17 ग्राम पंचायतों के 13,448 श्रमिकों की फोटो संदिग्ध पाई गई हैं, जिस पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

चंदौली में श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी में बड़ा फर्जीवाड़ा, अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश।
HighLights
चकिया में श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति में डुप्लीकेट फोटो मिली।
17 ग्राम पंचायतों के 13,448 श्रमिकों की फोटो संदिग्ध पाई गईं।
संबंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
जागरण संवाददाता, चंदौली। चकिया विकास खंड में वीबी-जीरामजी योजना के तहत श्रमिकों की आनलाइन उपस्थिति में डुप्लीकेट फोटो का मामला सामने आया है। शासन स्तर से कराए गए सत्यापन में 17 ग्राम पंचायतों के 13,448 श्रमिकों की फोटो संदिग्ध पाई गई हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से एक भी मामले में अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
मामले में उपायुक्त (श्रम रोजगार) आरके चतुर्वेदी ने 25 नवंबर को खंड विकास अधिकारी चकिया राकेश मिश्र को पत्र जारी किया है। पत्र में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई कर अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार मानते हुए विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार धनावलकला ग्राम पंचायत में सर्वाधिक 4,598 फोटो फ्लैग की गई हैं। इसके अलावा भभौरा में 1,784, हेतिमपुर में 1,138, मवइया में 922, फिरोजपुर में 775, नरहरपुर में 748, गरला सेमरौर में 729 और भीषमपुर में 717 फोटो फ्लैग हुई हैं।
मुजफ्फरपुर में 708, मैनपुर में 442, नौडीहा में 308, इसहुल में 304, पचवनियां में 76, करेमुआ में 57, बीकापुर में 25, अलीपुर भांगड़ा में नौ और विजयपुरवा में 108 फोटो चिह्नित की गई हैं। रिपोर्ट में सभी मामलों में फोटो स्वीकार करने और निरस्त करने की संख्या शून्य दर्ज है। यानी शत-प्रतिशत मामलों में कार्रवाई लंबित है।
क्लोन एप पर दर्ज उपस्थिति में गड़बड़ी पकड़ी गई है। जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। इसके लिए पत्र जारी किया गया है।
आर. जगत साई, मुख्य विकास अधिकारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।