विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली: ARTO दफ्तर में फाइलों पर जमी धूल देख भड़के DM साहब, अनुपस्थित कर्मियों का रोका वेतन

Published: Sat, 29 Aug 2026 03:44 PM (IST)

चंदौली में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां एआरटीओ समेत कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले और फाइलों पर धूल जमी थी।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय में फाइलों पर गंदगी को देखते डीएम

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय में फाइलों पर गंदगी को देखते डीएम

HighLights

  1. चंदौली एआरटीओ कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण।

  2. एआरटीओ सहित कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए कार्यालय में।

  3. अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोका, कारण बताओ नोटिस जारी।

जागरण संवाददाता, चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया। तीन कर्मचारी समेत एआरटीओ और पीआरओ अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन बाधित करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में कार्यालय की कई पत्रावलियों और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। कई फाइलों पर धूल जमा मिली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखने तथा कार्यालय की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कहा।

अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी: डीएम

डीएम ने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और लोगों को समय से सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कार्यालय में अपने कार्य से पहुंचे लोगों से जिलाधिकारी ने बातचीत कर दलालों के हस्तक्षेप और काम में अनावश्यक देरी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को एआरटीओ कार्यालय में पारदर्शिता बनाए रखने और आवेदकों को त्वरित सेवा देने की हिदायत दी।

यह भी पढ़ें- नेपाल की त्रासदी में मौत को करीब से देखा, अब अपनों के बीच लौटे 105 यात्रि‍यों ने बताई दहशत की दास्‍तान, डीडीयू में मिला सहारा