सर्विस रोड पर धंसा ट्रक, लगा रहा घंटों जाम
जासं, चंदौली : नगर में सर्विस रोड की उत्तरी पटरी पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान शुक्रव
जासं, चंदौली : नगर में सर्विस रोड की उत्तरी पटरी पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार को एक ट्रक गड्ढे में फंस गया। इससे चंदौली- सकलडीहा मार्ग पर भीषण जाम लग गया। भीषण गर्मी में जाम में फंसकर लोग परेशान हो गए। यह स्थिति घंटों बनी रही। बाद में पुलिसकर्मियों ने प्रयासकर फंसे ट्रक को गड्ढे से बाहर निकलवाया। इसके बाद जाम हटा और लोगों ने राहत की सांस ली। सर्विस रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है, बावजूद इसके वाहन आते हैं और पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे रहते हैं। इससे हर रोज कभी कचहरी गेट के सामने तो कभी रेलवे फाटक के उत्तरी ओर ट्रक फंसकर जाम लगा देता है।
दरअसल, इन दिनों सर्विस रोड की उक्त पटरी पर निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण को लेकर सड़क कई स्थानों पर खोदकर छोड़ दी गई है। इन गड्ढों में नालियों का निकला पानी जमा होता रहता है। इससे गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता। यही वजह है कि इन गड्ढों में अक्सर वाहन फंस जाते हैं और जाम लग जाता है। जाम में फंसने से लोगों को काफी दिककत उठानी पड़ती है। शुक्रवार को ट्रक के सड़क पर खराब होने व रेलवे का फाटक बंद रहने से जाम लग गया। जाम में फंसे लोग अन्य रास्तों से किसी प्रकार निकल जाने का प्रयास करते रहे। उनके इस प्रयास से उन सड़कों पर भी जाम लग गया और वाहनों के पहिए थम गए। इसके अलावा सकलडीहा रोड पर चल रहे ओवरब्रिज के निर्माण को खोदे गए गड्ढे से सड़क का सकरा हो जाना भी जाम की वजह बनता है। रेलवे फाटक के पार बनी अदालतों में आने- जाने में अधिवक्ताओं व वादकारियों का काफी समय बर्बाद हो जाता है।