DDU जंक्शन का होगा कायाकल्प, फोरलेन सड़कों से जुड़ेंगे चारों एंट्रेंस गेट; रेलवे ने तैयार किया मास्टर प्लान
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के चारों प्रवेश द्वारों को फोरलेन से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों का आवागमन सुगम हो सके।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन
HighLights
पीडीडीयू जंक्शन के चारों प्रवेश द्वार फोरलेन से जुड़ेंगे।
यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने का है मुख्य उद्देश्य।
यातायात दबाव कम करने के लिए रेलवे बना रहा मास्टर प्लान।
जागरण संवाददाता, चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए चारों प्रवेश द्वारों को फोरलेन से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए रेलवे स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग की देखरेख में जंक्शन की कनेक्टिविटी का खाका तैयार होगा।
इसको लेकर अधिकारी यातायात दबाव, पहुंच मार्ग, वाहनों की आवाजाही व यात्रियों के आवागमन को ध्यान में रखकर मास्टर प्लान तैयार कर रहे हैं।
वर्तमान में जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार पर यात्रियों के साथ ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी व निजी वाहनों का अधिक दबाव रहता है। ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय स्थिति और व्यस्त हो जाती है।
चारों प्रवेश द्वार फोरलेन से जुड़ने की योजना पर अमल हुआ तो स्टेशन तक पहुंचने वाले यातायात को अलग-अलग मार्गों से संचालित करने का विकल्प मिलेगा। इससे मुख्य गेट पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।
कनेक्टिविटी के विकल्पों का हो रहा अध्ययन
प्रस्ताव तैयार करने से पहले रेलवे की ओर से चारों प्रवेश द्वारों तक पहुंचने वाले मार्गों का अध्ययन किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई, यातायात क्षमता, उपलब्ध भूमि, वाहनों की आवाजाही तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे बिंदुओं को देखा जा रहा है। यात्रियों की जरूरत के अनुरूप प्रवेश-निकास व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है। तकनीकी अध्ययन के बाद प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर स्वीकृति के लिए आगे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- चंदौली की 25 ग्राम पंचायतों में खुलेंगी लाइब्रेरी, गांव में रहकर तैयारी कर सकेंगे विद्यार्थी
पुनर्विकास की अन्य योजनाएं भी प्रस्तावित
जंक्शन के पुनर्विकास के तहत प्रवेश द्वार, प्रतीक्षालय, शौचालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, पार्किंग व डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाओं को बेहतर करने की योजनाएं हैं। पीडीडीयू-पटना रेलखंड पर तीसरी-चौथी लाइन की योजना भी भविष्य की क्षमता बढ़ाने से जुड़ी है।
जंक्शन की कनेक्टिविटी को यात्रियों की सुविधा के अनुरूप बेहतर करने पर जोर है। चारों प्रवेश द्वारों को फोरलेन से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी। प्रयास है कि यातायात दबाव कम हो और यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा मिले।
उदय सिंह मीना, मंडल रेल प्रबंधक, डीडीयू मंडल
