शुरू हो गया पं. दीनदयाल संग्रहालय का निर्माण
बहुत जल्द ही पड़ाव के लोग पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवनवृत्त से रुबरु होंगे। उनके व्यक्तित्व को नजदीक से देखने और समझने का मौका मिलेगा।
जागरण संवाददाता, पड़ाव (चंदौली) : बहुत जल्द पड़ाव के लोग पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवनवृत्त से रुबरु होंगे। उनके व्यक्तित्व को नजदीक से देखने और समझने का मौका मिलेगा। गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र पड़ाव में मई 2019 तक 39 करोड़ की लागत से प्रथम फेज में संग्रहालय, तालाब, प्रतिमा और आडिटोरियम बनने की संभावना है। वीडीए की देखरेख में चिन्मय कंस्ट्रक्शन ने जेसीबी लगाकर संस्थान में झाड़ झंखाड़ को उखाड़ने का काम प्रारंभ कर दिया है। कंपनी को छह माह में कार्य को पूरा करना है।
अगस्त महीने में पीडीडीयू नगर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजित समारोह में संग्रहालय बनाने की घोषणा की थी। संग्रहालय में पंडितजी से जुड़ी तमाम स्मृतियों को सहेज कर रखा जाएगा। यहां 63 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई जाएगी। प्रतिमा का निर्माण जयपुर की एक कंपनी करेगी। एक तालाब बनाया जाएगा और बीच में प्रतिमा स्थापित की जाएगी, चारों तरफ फौवारे और रंग-बिरंगी लाइटें भी सजेंगी। कटेंगे एक हजार वृक्ष
प्रशिक्षण संस्थान में बनने वाले पंडित दीनदयाल संग्रहालय के लिए संस्थान में मौजूद लगभग एक हजार से ज्यादा वृक्षों को काटा जाएगा। इसमें फलदार वृक्षों के साथ अन्य कीमती वृक्ष शामिल है। आधा दर्जन के आसपास आम, सागौन, जामुन, कटहल, अमरुद, अशोक व जंगली पेड़ हैं। संग्रहालय बनने से क्षेत्र में काफी विकास होगा।