मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
नक्सल प्रभावित जनपद में लोकसभा चुनाव मतदान को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। बर्नेबल बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत सिंह चहल व एसपी संतोष कुमार सिंह ने रंगरूटों संग बूथों का जायजा लिया।
जासं, चंदौली : नक्सल प्रभावित जनपद में लोकसभा चुनाव के मतदान को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। बर्नेबल बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत सिंह चहल व एसपी संतोष कुमार सिंह ने रंगरूटों संग बूथों का जायजा लिया।
जिले में 918 मतदान केंद्र व 1533 बूथ बनाए गए थे। इसमें 94 मतदान केंद्र व 145 बूथ बर्नेबल चिह्नित किए गए थे। अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। बूथों पर पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। हर बूथ पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस करीब आधा दर्जन जवानों ने मोर्चा संभाले रखा। इसके अलावा स्टैटिक मजिस्ट्रेट व माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात रहे। संवेदनशील केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई गई। हर बूथ पर एक वीडियोग्राफर को लगाया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर आयोग के निर्देश पर नक्सल प्रभावित चकिया विधानसभा में शाम चार बजे ही मतदान समाप्त कर दिया गया। डीएम व एसपी के साथ ही प्रेक्षकों ने भी मतदान केंद्रों का जायजा लिया। चारों विधानसभा क्षेत्रों में अधिकारी रंगरूटों संग बूथों पर पहुंचे। मतदान कार्मिकों से मतदान के बाबत जानकारी ली।