बदला नजारा,स्कूल में संक्रमण से बचने को दूरी का सहारा
जागरण संवाददाता चंदौली स्कूल में मित्रों का अलग समूह होता है। इसमें घुल-मिलकर विद्यार्थी आप
जागरण संवाददाता, चंदौली : स्कूल में मित्रों का अलग समूह होता है। इसमें घुल-मिलकर विद्यार्थी आपस में बातचीत करते हैं। क्लास रूम में सब एक दूसरे के सीट पर बैठ जाते हैं लेकिन, इस बार नजारा बदला दिखाई पड़ा। एक से दूसरे छात्र के बीच छह फीट की दूरी बना दी गई। उनके लिए सीट आवंटित कर दी गई है। जहां से वह दूसरे के पास नहीं जा सकते। कोरोना संक्रमण से बचाव को दूरी का सहारा लिया गया है। गुरु के पैर छूकर आशीर्वाद लेने के बजाए शिष्यों ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। कक्षा शिक्षण शुरू कर दिया गया है। स्कूलों में पहले जैसा माहौल नहीं है। पहले दिन छात्र पढ़ाई करने आए लेकिन, सन्नाटा था। विद्यार्थियों के लिए स्कूल में परीक्षा जैसा माहौल था जहां कमरे में सीट पर बैठने से लेकर आवागमन तक सब निर्धारित था। उसी मुताबिक छात्रों को विद्यालय में समय बिताना था। हर चेहरे पर मास्क लगा था। महेंद्र टेक्निक इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. रामचंद्र शुक्ल, सर्वोदय इंटर कालेज अरंगी के प्रधानाचार्य डा. कृष्णकांत तिवारी, नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल सिंह ने कहा कि संक्रमण का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में कोविड से पहले की तरह से स्वतंत्रता देना नुकसान देह हो सकता है। बचाव के लिए कुछ नियम बनाए गए हैं। परिसर में रहते हुए विद्यार्थियों को उसका पालन करना है।