विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में गांवों का बनेगा डिजिटल रिपोर्ट कार्ड, 400 बिंदुओं पर होगा सर्वे

Published: Thu, 23 Jul 2026 02:48 PM (IST)

चंदौली के सकलडीहा तहसील में सभी 441 ग्राम पंचायतों का डिजिटल रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इस अभियान के तहत ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. चंदौली के 441 गांवों का बनेगा डिजिटल रिपोर्ट कार्ड।

  2. 400 बिंदुओं पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत सर्वे होगा।

  3. 15 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा यह विशेष अभियान।

जागरण संवाददाता, सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा तहसील में गांवों के समग्र विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए एक विशेष पहल शुरू की जा रही है। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीबीएच) के तहत क्षेत्र की सभी 441 ग्राम पंचायतों के प्रत्येक गांव का विस्तृत डिजिटल रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा।

इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक गांव से मूलभूत सुविधाओं, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, नाली- खड़ंजा, आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े करीब 400 बिंदुओं पर सटीक डेटा एकत्र किया जाएगा।

यह संपूर्ण जानकारी डीसीबीएच के विशेष पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का एक व्यापक डेटाबेस तैयार हो सकेगा।

इस सर्वे को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए तहसील सभागार में आयोजित कार्यशाला में 108 लेखपालों को डिजिटल डेटा संकलन और पोर्टल फीडिंग का प्रशिक्षण दिया गया है। यह एक महीने का विशेष अभियान 15 अगस्त से 15 सितंबर तक चलाया जाएगा।

नोडल जनगणना अधिकारी मनोज कुशवाहा और जनगणना रजिस्ट्रार कानूनगो राकेश सिंह ने बताया कि इस डेटा के आधार पर शासन को गांवों की वास्तविक आवश्यकताओं का सही आकलन करने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य की विकास योजनाओं का निर्माण और संसाधनों का बेहतर व प्रभावी आवंटन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- जौनपुर में मसनपुर-लेदुका-नौपेड़वा सड़क का होगा चौड़ीकरण, लोगों को मिलेगी राहत