चंदौली में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे प्राइवेट क्लीनिक, गांव-गांव में सक्रिय झोलाछाप
चंदौली के नौगढ़ ब्लॉक में बिना पंजीकरण के प्राइवेट क्लीनिक धड़ल्ले से चल रहे हैं, जहां अप्रशिक्षित लोग सर्जरी तक कर रहे हैं।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
HighLights
नौगढ़ में बिना पंजीकरण के चल रहे प्राइवेट क्लीनिक।
अप्रशिक्षित लोग कर रहे सर्जरी और सीजर ऑपरेशन।
छापेमारी के बाद भी दोबारा खुले अवैध क्लीनिक।
जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली)। विकास खंड नौगढ़ में बिना पंजीकरण के प्राइवेट क्लीनिकों का संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। नौगढ़ बाजार के साथ-साथ मझगाई, मझगांवा, बरवाडीह, सोनवार और भटवाडीह में मानक विहीन क्लीनिक खुले हुए हैं।
इन क्लीनिकों में आंख, नाक, कान, गला के इलाज के साथ-साथ सर्जरी और सीजर ऑपरेशन तक किए जा रहे हैं। वहीं गांव-गांव में झोलाछाप डॉक्टर भी सक्रिय हैं, जो मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
बताया जाता है कि इन क्लीनिकों में न तो प्रशिक्षित डॉक्टर हैं और न ही मानक के अनुसार सुविधाएं। अप्रशिक्षित लोगों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है। ऑपरेशन के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है।
ग्रामीण मजबूरी में इन क्लीनिकों में इलाज कराने को विवश हैं, क्योंकि सरकारी अस्पताल दूर होने और संसाधन की कमी से उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाता।
ग्रामीणों की शिकायत पर पिछले महीने स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में छापेमारी कर 13 अस्पतालों और क्लीनिकों को नोटिस देकर बंद कराया था। कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक क्लीनिक बंद रहे, लेकिन एक सप्ताह के अंदर ही सभी क्लीनिक फिर से खुल गए और पहले की तरह संचालित होने लगे। इससे विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अवैध क्लीनिकों पर स्थायी रूप से रोक नहीं लगने से झोलाछापों के हौसले बुलंद हैं। मानक विहीन क्लीनिकों में गलत इलाज से कई बार मरीजों की हालत बिगड़ने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी से दोबारा जांच कराकर अवैध रूप से संचालित प्राइवेट क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि गरीब मरीजों को सुरक्षित इलाज मिल सके।
उप जिलाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग राजस्व पुलिस विभाग की टीम कार्रवाई के लिए गठित की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: थाने की ID-पासवर्ड देकर चलाया जा रहा था वसूली का खेल, सिपाही समेत 3 लोगों पर FIR दर्ज
