चंदौली में 85 सड़कों का होगा सौंदर्यीकरण, निर्माण के लिए 3.50 करोड़ की मिली स्वीकृति
पीडीडीयू नगर (चंदौली) में 25 वार्डों की 85 बदहाल सड़कों का 3.50 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा।

पीडीडीयू नगर में निर्माण को लेकर प्रस्तावित मार्ग। फोटो- जागरण
HighLights
पीडीडीयू नगर में 85 सड़कों का कायाकल्प होगा।
3.50 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य।
दिसंबर मध्य तक शुरू होगा सड़क निर्माण परियोजना।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पीडीडीयू नगर के 25 वार्डों की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने की तैयारी है। नगर पालिका परिषद की ओर से 85 सड़कों का कायाकल्प कराया जाएगा। इसके लिए करीब 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लगभग पांच किलोमीटर लंबाई में सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। 15 से 20 दिसंबर के बीच निर्माण कार्य शुरू कराने की योजना है।
नगर के कैलाशपुरी, रविनगर, अलीनगर, मुगलसराय, नई बस्ती, शाहकुटी, महमूदपुर, सुभाषनगर, पटेल नगर समेत 25 वार्डों की विभिन्न कालोनियों में सड़कें बनाई जाएंगी। नगर पालिका ने निर्माण कार्य को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
लंबे समय से खराब हैं सड़कें
सड़कों के निर्माण से इन कॉलोनियों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। नगर के कई वार्डों में सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को खराब सड़क पर आवागमन के दौरान दिक्कत होती है।
बारिश के दिनों में इन सड़कों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ाती है। ऐसे में प्रस्तावित सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत धनराशि के अनुरूप ही टेंडर जारी होंगे, जिससे वित्तीय प्रावधान के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। नगर पालिका का जोर निर्धारित बजट के दायरे में सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने पर है।
स्वीकृत धनराशि के अनुसार आवंटित होगी निविदा
राज्य वित्त मद से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आएगी। नगर पालिका की ओर से राज्य वित्त में जितनी धनराशि स्वीकृत होगी, उसी के अनुरूप निविदा आवंटित की जाएगी। स्वीकृत बजट से अधिक के कार्यों का टेंडर नहीं दिया जाएगा। इससे वित्तीय प्रविधान के अनुरूप निर्माण कार्यों का आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा।
85 सड़कों का कायाकल्प कराया जाएगा। इसके लिए लगभग 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब पांच किलोमीटर सड़क बनेगी। 15 से 20 दिसंबर तक काम शुरू करा दिया जाएगा। -धर्मराज सिंह, अधिशासी अधिकारी, पीडीडीयू नगर।