विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली पंचायती राज विभाग में वेतन निर्धारण में बड़ा खेल, 18 से अधिक कर्मियों से होगी वसूली

Published: Sun, 13 Sep 2026 04:29 PM (IST)

चंदौली के पंचायती राज विभाग में वेतन निर्धारण में बड़ी अनियमितता सामने आई है, जहां 18 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को ...और पढ़ें

पंचायती राज विभाग में वेतन निर्धारण में खेल।

पंचायती राज विभाग में वेतन निर्धारण में खेल।

HighLights

  1. चंदौली पंचायती राज विभाग में वेतन निर्धारण में अनियमितता।

  2. 18 से अधिक कर्मियों को 50 लाख से अधिक भुगतान।

  3. अतिरिक्त भुगतान की गई धनराशि की वसूली की तैयारी।

जागरण संवाददाता, चंदौली। पंचायतराज विभाग में वेतन निर्धारण के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। विभागीय स्तर पर किए गए वेतन निर्धारण की जांच में 18 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित वेतनमान से अधिक भुगतान कर दिया गया है। इसमें सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी तक शामिल हैं।

अब अतिरिक्त भुगतान की गई धनराशि की संबंधित कर्मचारियों से वसूली की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में पाया गया है कि अनुमानत: पचास लाख से अधिक रुपये अधिक भुगतान किया गया है।

मामला सामने आने के बाद विभाग में खलबली मची हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन का निर्धारण करते समय उन्हें नियमानुसार देय धनराशि से अधिक लाभ दे दिया गया। इसी आधार पर लंबे समय तक वेतन का भुगतान होता रहा।

जांच में अनियमितता सामने आने के बाद अब विभाग संबंधित कर्मचारियों का वेतन दोबारा निर्धारित करने के साथ ही अधिक भुगतान की गई रकम का आकलन कर रहा है। इसमें तीन-चार अधिकारी वर्तमान समय में सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं। सरकारी धन के भुगतान से पहले वेतन बिलों और निर्धारण पत्रों की कई स्तरों पर जांच की जाती है।

इसके बावजूद यदि अधिक वेतन का भुगतान महीनों या वर्षों तक होता रहा लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी। बताया जाता है कि छठवां एवं सातवां वेतन आयोग की सिफारिश के आधार पर वेतन का निर्धारण किया जाता है। इसके लिए समय-समय पर शासनादेश जारी होते रहते हैं। अधिकारी लिपिकों से साठगांठ कर गलत तरीके से वेतन का निर्धारण करा लेते हैं।

कर्मचारियों का व्यक्तिगत फाइल निकालकर वेतन निर्धारण आदि की जांच कराई जा रही है। अब तक 18 सहायक विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को चिन्हित किया जा चुका है। उनके खिलाफ वसूली की कार्रवाई की जा रही है। कितना धनराशि का वित्तीय विचलन किया गया है, इसका आकलन कराया जा रहा है। -अविनाश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी।

यह भी पढ़ें- चंदौली में 7.16 करोड़ से मालगोदाम मार्ग का होगा कायाकल्प, रिंग रोड से सीधे होगा जुड़ाव