चंदौली में 7.16 करोड़ से मालगोदाम मार्ग का होगा कायाकल्प, रिंग रोड से सीधे होगा जुड़ाव
पीडीडीयू नगर में 7.16 करोड़ रुपये की लागत से मालगोदाम रोड का कायाकल्प किया जा रहा है, जिससे जीटी रोड ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मालगोदाम रोड का 7.16 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प।
रिंग रोड से सीधी कनेक्टिविटी, माल परिवहन होगा आसान।
यूरोपियन कॉलोनी में जलभराव की समस्या होगी कम।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। मालगोदाम रोड के कायाकल्प से क्षेत्र की राह आसान होने के साथ कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। जीटी रोड से मालगोदाम होते हुए वैगन केयर सेंटर तक करीब चार किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
सड़क तैयार होने के बाद मालगोदाम क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी रिंग रोड से होगी। इससे माल परिवहन से जुड़े वाहनों के साथ रेलकर्मियों, कालोनीवासियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग के निर्देश पर शुरू हुए इस कार्य पर 4.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क को चार मीटर चौड़ा पिच किया जाएगा। दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ा पाथवे बनेगा।
इसके साथ यूरोपियन कॉलोनी में करीब तीन करोड़ रुपये से नाली-नालों का निर्माण कराया जा रहा है। दोनों कार्यों की कुल लागत 7.16 करोड़ रुपये है। परियोजना को 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
- जीटी रोड से वैगन केयर सेंटर तक करीब चार किमी सड़क का होगा कायाकल्प।
- चार मीटर चौड़ी पिच सड़क के दोनों ओर बनेंगे एक-एक मीटर के पाथवे।
- यूरोपियन कालोनी में तीन करोड़ से नाली-नालों का निर्माण, घटेगा जलभराव।
- सड़क बनने के बाद रिंग रोड से मालगोदाम क्षेत्र की सीधे बढ़ेगी कनेक्टिविटी।
निर्माण कार्य गौरव कंस्ट्रक्शन के जिम्मे है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना स्वयं कार्य की निगरानी कर रहे हैं। रेलवे की ओर से निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखी जा रही है।
रिंग रोड से जुड़ाव बनेगा बड़ा बदलाव
मालगोदाम रोड के रिंग रोड से सीधे जुड़ने का लाभ क्षेत्र के आवागमन को मिलेगा। बेहतर सड़क बनने के बाद रिंग रोड की ओर से आने वाले वाहनों को मालगोदाम, वैगन केयर सेंटर और आसपास के रेलवे परिसरों तक पहुंचने में सुविधा होगी। माल ढुलाई से जुड़े वाहनों के लिए भी मार्ग सुगम होगा। इससे क्षेत्र में आवाजाही का दबाव व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
बारिश में कम होगा जलभराव
सड़क के साथ जलनिकासी व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया है। यूरोपियन कालोनी में करीब तीन करोड़ रुपये से नाली-नालों का निर्माण कराया जा रहा है। इससे बारिश का पानी सड़क और आसपास के हिस्सों में जमा होने के बजाय निकासी मार्ग से बाहर निकल सकेगा। जलभराव कम होने से सड़क के बार-बार खराब होने की समस्या भी घटेगी। कालोनीवासियों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरने की परेशानी से राहत मिलेगी।
सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ा पाथवे बनने से पैदल चलने वालों को अलग स्थान मिलेगा। सड़क बनने से रेलकर्मियों, स्थानीय लोगों और अन्य राहगीरों का आवागमन आसान होगा। -विश्वनाथ, मंडक वाणिज्य प्रबंधन/जन संपर्क अधिकारी, पीडीडीयू मंडल।
