विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्‍नी को ननदोई के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद फांसी पर लटके शव ने खोला हत्या का राज

By Satya PrakashEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 08 Apr 2026 06:21 PM (IST)

चंदौली के बरऊर गांव में एक माह पहले फांसी पर लटके मिले युवक राजवंश बियार की मौत का रहस्य सुलझ ...और पढ़ें

पत्नी और ननदोई ने अवैध संबंध उजागर होने पर की पति की हत्या, फांसी पर लटकाया शव।

पत्नी और ननदोई ने अवैध संबंध उजागर होने पर की पति की हत्या, फांसी पर लटकाया शव।

HighLights

  1. फांसी पर लटके युवक की मौत हत्या निकली।

  2. पत्नी और ननदोई ने अवैध संबंध में हत्या की।

  3. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता (बबुरी) चंदौली। एक माह पूर्व बरऊर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटके युवक की मौत की गुत्थी को बबुरी पुलिस ने सुलझा लिया है। प्रारंभ में इस मामले को आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या निकली। पुलिस ने इस साजिश में शामिल मृतक की पत्नी और उसके ननदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

1 मार्च को खुरुहुजा के बरऊर गांव में राजवंश बियार का शव फांसी के फंदे से लटका मिला था। स्वजन ने आरोप लगाया कि जमीन गिरवी रखने के विवाद में रविंद्र यादव द्वारा दी गई धमकी के कारण राजवंश ने आत्महत्या की है। लेकिन पुलिस की सर्विलांस टीम की जांच ने एक अलग कहानी बयां की। सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि राजवंश की पत्नी रामदुलारी और उसके ननदोई रामजनम के बीच अवैध संबंध थे।

28 फरवरी की रात, रामजनम उनके घर आया था। रात में बाटी-चोखा खाने के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ, जो बाद में सुलझ गया। लेकिन देर रात, जब रामजनम और रामदुलारी आपत्तिजनक स्थिति में थे, तब राजवंश ने उन्हें देख लिया। इसके बाद दोनों में झड़प हुई। पोल खुलने के डर से रामजनम ने राजवंश का गला दबा दिया और फिर दोनों ने मिलकर रस्सी से उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए राजवंश को रस्सी के फंदे पर लटका दिया गया।

इस मामले को छिपाने के लिए रामदुलारी ने वीरेंद्र यादव पर आरोप लगाया कि जमीन गिरवी रखने के लिए दबाव बनाए जाने के कारण राजवंश ने आत्महत्या की है। उसने सुबह शव के पास रोने-धोने का नाटक भी किया। लेकिन पुलिस की जांच और सर्विलांस टीम ने असली कहानी का खुलासा कर दिया।

बबुरी पुलिस ने अभियुक्त रामजनम और अभियुक्ता रामदुलारी को बबुरी स्थित दुर्गा इंटर कॉलेज के सामने से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद कर ली है। इस मामले ने न केवल स्थानीय लोगों को चौंका दिया है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कैसे व्यक्तिगत संबंधों में जटिलताएं हत्या का कारण बन सकती हैं। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है ताकि इस मामले में और भी तथ्य सामने आ सकें।