चंदौली में बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां, वियोग में तोड़ा दम
चंदौली के नौगढ़ में बेटे की हत्या और बकरियों की लूट का सदमा मां बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेटे ...और पढ़ें

HighLights
बेटे की हत्या का सदमा मां बर्दाश्त न कर सकी।
लालमनी की 34 बकरियां लूटी गईं, शव जंगल में मिला।
पुलिस मामले की जांच कर रही, बकरियों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली)। चंदौली के नौगढ़ थाना क्षेत्र के पंडी गांव में बकरी की लूट कर बेटे की हत्या का सदमा मां बर्दाश्त नहीं कर सकी। शुक्रवार को दाह संस्कार कर परिवार के लोग घर पहुंचते हैं कि सोमारी देवी ने भी दम तोड़ दिया। गांव निवासी लालमनी बुधवार को 34 बकरियां लेकर पंडी जंगल में चराने गए थे। रात तक घर नहीं लौटे तो स्वजन उनकी तलाश शुरू की।
गुरुवार को जंगल में उनका शव मिला, जबकि बकरियां गायब थीं। आरोप लगाया कि लालमनी की हत्या कर बकरियां लूट लीं। ग्रामीणों के अनुसार, लालमनी के संतान नहीं थे और अपने भतीजे के साथ रहते थे। बकरियां ही उनकी जीविका का सहारा थीं। मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। लापता बकरियों की तलाश बिहार सीमा तक की जा रही है। पोस्टमार्टम के इंतजार में घटना के 24 घंटे बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
