चंदौली में बंद मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी, CCTV कैमरे में कैद हुई घटना
चंदौली के धानापुर में एक बंद मकान से चोरों ने 1.60 लाख नकद और लाखों के आभूषण चुरा लिए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
धानापुर के बिरना गांव में बंद मकान में चोरी हुई।
चोरों ने 1.60 लाख नकद और लाखों के आभूषण चुराए।
चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
जागरण संवाददाता, धानापुर (चंदौली)। थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बुधवार की रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर 1.60 लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। गुरुवार सुबह स्वजन मकान पहुंचे तो कमरों में सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।
चोरी की घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का गांव में ही नया मकान बना है, जिसकी दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार के लोग रात में पुराने मकान में सोने चले जाते हैं।
बुधवार की रात भी नया मकान बंद था। इसका फायदा उठाकर चोर मकान में घुस गए और 1.60 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य आभूषण समेट ले गए। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पीआरवी पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
