विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूएसए और अफ्रीका के निवेशक चखेंगे चंदौली के 'काले चावल की खीर', UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में लगेगा स्टॉल

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:29 AM (IST)

चंदौली के काले चावल की खीर ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशी निवेशकों को परोसी जाएगी।

चंदौली में स्टाल पर खीर का स्वाद चखते लोग

चंदौली में स्टाल पर खीर का स्वाद चखते लोग

HighLights

  1. काले चावल की खीर यूपी ट्रेड शो में होगी प्रदर्शित।

  2. विदेशी निवेशक चखेंगे चंदौली के विशिष्ट व्यंजन का स्वाद।

  3. उद्यमियों को वैश्विक बाजार में नए अवसर मिलेंगे।

उदयनाथ शुक्ल, चंदौली। काले चावल की खीर अब विदेशी निवेशकों की जुबान पर मिठास घोलेगी। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जिले के छह उद्यमी अपने उत्पादों के स्टाल लगाएंगे। इनमें चार उद्यमियों के स्टॉल जरी-जरदोजी, एक का टेक्सटाइल क्राफ्ट और छठा स्टाल काले चावल की खीर का होगा।

नियामताबाद ब्लॉक के कठौड़ी (लौंदा) निवासी रामाश्रय कुमार अपने सहयोगी शशि कुमार के साथ खीर का स्टाल लगाएंगे। सरकार की ओर से स्टाल की निश्शुल्क बुकिंग की गई है। अफ्रीका और यूएसए से आने वाले विदेशी निवेशकों को पहली बार जिले के काले चावल से तैयार खीर का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

वर्तमान समय में उत्पादक ने 200 ग्राम खीर का मूल्य 50 रुपये रखा है। रामाश्रय कुमार ने बताया कि स्टॉल पर चीनी व गुड़ मिश्रित खीर के साथ बिना चीनी-गुड़ वाली खीर भी रखी जाएगी। बिना चीनी व गुड़ वाली खीर मधुमेह-हितैषी होगी। काले चावल की खीर को एक जिला, एक व्यंजन के रूप में चयनित किया गया है।

ट्रेड शो में इसकी प्रस्तुति से देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा। विदेशी निवेशकों की प्रतिक्रिया से काले चावल की मांग बढ़ने और नए बाजार विकसित होने की उम्मीद है। जरी-जरदोजी, टेक्सटाइल क्राफ्ट और काले चावल की खीर जिले की विविध पहचान को प्रदर्शित करेंगे। नए आर्डर मिलने से स्थानीय उद्यमियों की बाजार पहुंच बढ़ सकती है।

ऐसे तैयार होती है खीर

रामाश्रय कुमार के अनुसार काले चावल को पहले साफ कर पानी में भिगोया जाता है। इसके बाद चावल को अच्छी तरह पकाकर दूध में मिलाया जाता है। धीमी आंच पर इसे लगातार पकाया जाता है, जिससे खीर गाढ़ी और स्वादिष्ट हो जाती है। सामान्य खीर में चीनी व गुड़ मिलाया जाता है, जबकि मधुमेह-हितैषी खीर बिना चीनी व गुड़ के तैयार की जाती है।

यह भी पढ़ें- चंदौली में 7.16 करोड़ से मालगोदाम मार्ग का होगा कायाकल्प, रिंग रोड से सीधे होगा जुड़ाव

ट्रेड शो में इन उद्यमियों के भी उत्पाद होंगे प्रदर्शित

  • सुफियान- जरी-जरदोजी
  • रिजवान- जरी-जरदोजी
  • जुलेखा बीबी- जरी-जरदोजी
  • सबीना बेगम- जरी-जरदोजी
  • सना परवीन- टेक्सटाइल क्राफ्ट

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जिले के उद्यमियों को अपने उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। काले चावल की खीर जैसे स्थानीय विशिष्ट व्यंजन को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।

                                                                          उदय प्रकाश पासवान, उपायुक्त उद्योग