चंदौली में एंबुलेंस के अंदर गूंजी किलकारी, पायलट-ईएमटी और आशा बहू की सूझबूझ से हुई डिलीवरी
चंदौली के नौगढ़ में 102 एंबुलेंस में एक महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। पायलट, ईएमटी और आशा बहू की सूझबूझ से चलती एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव संभव हो पाया।

एंबुलेंस में जच्चा बच्चा के साथ पायलट और ईएमटी। फोटो जागरण
HighLights
चंदौली के नौगढ़ में एंबुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव।
पायलट, ईएमटी और आशा बहू की सूझबूझ से सफल डिलीवरी।
मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह से स्वस्थ।
जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली)। विकास क्षेत्र में मंगलवार को एंबुलेंस में ही किलकारी गुंज गई। पायलट, ईएमटी और आशा बहू की सूझबूझ से चलती एंबुलेंस में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। इस खुशखबरी के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
बटौवा गांव निवासी अरविंद की पत्नी धर्मशिला गर्भवती थीं। मंगलवार की सुबह अचानक उनके पेट में तेज दर्द उठा। दर्द बढ़ता देख पति ने फौरन 102 एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और प्रसूता महिला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ के लिए रवाना हो गई। रास्ते में ही धर्मशिला का दर्द अचानक तेज हो गया। स्थिति को देखते हुए पायलट सर्वेश ने सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।
इसके बाद ईएमटी सूरज और आशा बहू कौशल्या ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था की। उनकी तत्परता और साहस से एंबुलेंस में ही महिला का प्रसव हो गया और उसने एक पुत्री को जन्म दिया।
प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। इसके बाद एंबुलेंस जच्चा और बच्चा को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। वहां चिकित्सक ने दोनों का मेडिकल चेकअप किया। जांच में मां और नवजात दोनों स्वस्थ पाए गए।
इस संबंध में डॉ. अनुराधा सिंह ने बताया कि प्रसव एंबुलेंस में ही सुरक्षित तरीके से हो गया है। जांच करने पर माता और शिशु दोनों स्वस्थ हैं। इस घटना की गांव में खूब चर्चा हो रही है। ग्रामीणों ने 102 एंबुलेंस की टीम की सराहना किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।