चंदौली में 52 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, मानदेय में भी हुई बढ़ोत्तरी
चंदौली के सकलडीहा में 52 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।

52 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र।
HighLights
सकलडीहा में 52 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र मिले।
सीडीपीओ विमलेश पाल ने ईमानदारी से कर्तव्य पालन का आह्वान किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं का 6 हजार हुआ।
जागरण संवाददाता सकलडीहा (चंदौली)। बाल विकास परियोजना कार्यालय में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सीडीपीओ विमलेश पाल ने अभ्यर्थियों को पत्र वितरित किए, जिसे पाकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विकास खंड सकलडीहा के अंतर्गत कुल 52 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 32 सहायिकाएं और 20 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। इस दौरान कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके स्वजन उपस्थित रहे।
सीडीपीओ विमलेश पाल ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी और पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने मानदेय में वृद्धि की है, जिसके तहत अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं को 6 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
सीडीपीओ ने जोर देकर कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सभी का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। इसके लिए सभी को समर्पित होकर काम करना होगा। इस मौके पर नूतन समेत विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
