झूठ प्रचार कर विकास की बात कह रही भाजपा
भाजपा झूठ का प्रचार करके विकास की बात कर रही है। पूर्व की सपा सरकार में किए गए कार्यों का फीता काटकर भाजपा वाहवाही लूट रही है।
जासं, पीडीडीयू नगर(चंदौली): भाजपा झूठ का प्रचार करके विकास की बात कर रही है। पूर्व की सपा सरकार में किए गए कार्यों का फीता काटकर भाजपा वाहवाही लूट रही है। देश में विकास होने की बात कही जा रही, जबकि जनपद आज भी समस्याओं के मकड़जाल में उलझा है।
उक्त बातें समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने गुरुवार को सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि जनपद में कई महत्वपूर्ण सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के सड़कों की स्थिति तो दयनीय है। केवल फोटो लगाकर विकास की बात कही जा रही है। कहा कि बबुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व एकौनी स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर रोक दिया गया है। दोनों ही प्रोजेक्ट में करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। किसानों के खेतों में पानी न पहुंचने से फसल सूख रही हैं। फ्रेड कारीडोर योजना के तहत आरओबी पूरे देश में बनाया जा रहा है। कुछ जनप्रतिनिधि झूठा प्रचार कर इसका श्रेय ले रहे हैं।