चंदौली में अवैध शराब के बड़े जखीरे का भंडाफोड़, बिहार के तस्कर समेत 14 धराए
चंदौली पुलिस ने कैली रोड पर छापेमारी कर 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की और बिहार से जुड़े 14 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो महिलाएं और दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। यह कार्रवाई अवैध शराब के भंडारण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिसमें 26,570 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

चंदौली में अवैध शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा गया बिहार से जुड़े 14 तस्कर गिरफ्तार।
HighLights
चंदौली में 1070 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें तस्कर शामिल।
गिरोह का संबंध बिहार से, अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा।
जागरण संवाददाता, चंदौली। जनपद में अवैध शराब के भंडारण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार सुबह कोतवाली चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने कैली रोड स्थित एक मकान में छापेमारी कर बिना वैध अनुमति के भंडारित 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मौके से 10 पुरुष और दो महिला सहित 14 लोगों को पकड़ा गया है। इसमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैंं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने बुधवार सुबह करीब 6:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान के भीतर भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण पाया गया। पुलिस ने मौके से 1070 लीटर अवैध शराब, 26,570 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त एक स्पेलेंडर मोटरसाइकिल (यूपी-67 डब्ल्यू- 1979) बरामद की है।
बिहार से जुड़ा है तस्करी का नेटवर्क
प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया कि बिहार के विभिन्न जनपदों से ताल्लुक रखते हैं, जिससे इस गिरोह के अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े होने की पुष्टि होती है।
गिरफ्तार पुरुष आरोपित में चंदौली के बलवन गुप्ता निवासी धानापुर) और मनोज कुमार निवासी सैयदराजा के अलावा बिहार के औरंगाबाद निवासी पंकज कुमार, सचिन कुमार व बाबू लाल कुमार, सिवान निवासी अब्दुल अंसारी, सहरसा निवासी उदय कुमार तथा पटना निवासी मनोज सिंह, सुबोध व कैलाश मंडल शामिल हैं।
वहीं, गिरफ्तार महिला आरोपित में पटना (बिहार) निवासी सैरो देवी और शारदा देवी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मौके से मिले दो बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।