प्रतिबंध हटा, मिनी महानगर जाम से पटा
कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए लगा प्रतिबंध हटते ही मिनी महानगर जाम से पट गया। सोमवार की सुबह जीटीआर ब्रिज से लगायत वीआइपी गेट तक वाहनों की कतार लगी रहीं। सबसे दयनीय स्थिति जीटीआर ब्रिज पर बनी रही। यहां वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए लगा प्रतिबंध हटते ही मिनी महानगर जाम से पट गया। सोमवार की सुबह जीटीआर ब्रिज से वीआइपी गेट तक वाहनों की कतार लगी रही। सबसे दयनीय स्थिति जीटीआर ब्रिज पर बनी रही। यहां वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। उमस भरी गर्मी में जाम में फंसे वाहन सवार पसीने से तर बदतर हो गए। हालांकि पुलिस कर्मियों की सक्रियता के बाद जाम समाप्त हुआ। नगर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए प्रशासन ने दस दिनों तक का प्रतिबंध लगाया था। हालांकि दस दिनों तक सड़क पर इक्का दुक्का वाहन ही नजर आ रहे थे। सोमवार को प्रतिबंध की मियाद पूरी हुई तो लोग अपने काम के लिए निकलने लगे। जीटीआर ब्रिज के पास चल रहे अंडरपास पुल के कारण ब्रिज पर जाम लग गया। पुलिस की जीप भी जाम में फंसी रही। जाम में फंसे लोगों की परेशानी तीखी धूप ने और बढ़ा दी। हालात यह हो गए कि बेचैन लोग वाहन को छोड़कर कहीं जा भी नहीं सकते थे। लगभग तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। दरअसल जीटीआर ब्रिज के पास अंडरपास पुल निर्माण का काम चल रहा है। ब्रिज के मार्ग के आधे हिस्से को ऊंचा कर चौड़ा कर दिया गया और आधा हिस्सा नीचे हो गया है। ऐसे में नीचे वाले हिस्से से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। चौड़ाई कम होने के कारण अक्सर जाम के झाम से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। पिछले दस दिनों तक के प्रतिबंध में जाम नहीं लगा। लेकिन, प्रतिबंध हटते ही जाम की समस्या हो गई।