फोलिक एसिड की कमी से गर्भस्थ शिशु के विकास पर पड़ सकता, जरूरत इस तरह करें पूरी
गर्भावस्था के शुरुआती चरण में फोलिक एसिड की कमी से गर्भस्थ शिशु के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है ...और पढ़ें

गर्भावस्था में फोलिक एसिड की कमी शिशु विकास पर डालती है असर, ऐसे करें पूर्ति।
HighLights
फोलिक एसिड की कमी से शिशु विकास पर प्रतिकूल प्रभाव।
न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट जैसी जन्मजात समस्याओं का बढ़ता जोखिम।
गर्भावस्था में चिकित्सकीय सलाह व पौष्टिक आहार है जरूरी।
जागरण संवाददाता, चंदौली। गर्भावस्था के शुरुआती चरण में पोषण का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। इस दौरान फोलिक एसिड की पर्याप्त मात्रा नहीं मिलने से गर्भस्थ शिशु के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसकी कमी से कुछ जन्मजात समस्याओं का जोखिम भी बढ़ जाता है।
मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग में इन दिनों लगभग 250 बच्चों के अभिभावक उपचार और दवाओं के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकतर बच्चे सर्दी की शिकायत से पीड़ित हैं। पिछले सप्ताह फोलिक एसिड (विटामिन बी-नौ) की कमी से संबंधित लक्षणों वाले दो बच्चे भी विभाग में पहुंचे।
मेडिकल कालेज की बाल रोग विशेषज्ञ डा. प्राची अग्रवाल ने बताया कि फोलिक एसिड गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में इसकी कमी से न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट जैसी जन्मजात समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए गर्भधारण की तैयारी कर रही महिलाओं को पहले से ही चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। गर्भवती महिलाओं के लिए भी निर्धारित मात्रा में इसका सेवन जरूरी है।
यह करें
- गर्भधारण की योजना बनाते समय चिकित्सक से फोलिक एसिड के सेवन की जानकारी लें।
- गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और निर्धारित मात्रा में आयरन-फोलिक एसिड लें।
- हरी पत्तेदार सब्जियों, दालों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करें।
यह न करें
- चिकित्सक की सलाह के बिना दवाओं या पोषक तत्वों की खुराक में बदलाव न करें।
- गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने में लापरवाही न बरतें।
- जन्मजात समस्या का कारण केवल पोषण की कमी को न मानें।