विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमसोत जंगल से रातोंरात 70 भेड़ गायब, चंदौली में एक माह में दूसरी बड़ी वारदात से सहमे चरवाहे

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:45 PM (IST)

चंदौली के जमसोत जंगल से देर शाम 70 भेड़ें अचानक गायब हो गईं, जिससे पशुपालकों में दहशत है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. जमसोत जंगल से शुक्रवार रात 70 भेड़ें अचानक गायब।

  2. एक माह में यह दूसरी बड़ी पशु चोरी की घटना।

  3. पुलिस जांच में जुटी, पशुपालकों में दहशत का माहौल।

जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली)। विकास क्षेत्र के जमसोत के जंगल से शुक्रवार की देर शाम 70 भेड़ अचानक गायब हो गईं। पशुपालक ने पूरी रात खोजबीन की, लेकिन भेड़ों का कहीं पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस ने भी तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पशुपालक का आरोप है कि चोर भेड़ों को सोनभद्र की ओर ले गए हैं, जबकि पुलिस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ पता लगाने में जुटी है।

क्षेत्र के बरबसपुर गांव निवासी अशोक पाल अपने पिता शिवपाल के साथ 200 भेड़ों का पालन करते हैं। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वे जमसोत के जंगल में भेड़ चराने के लिए गए थे।

इसी दौरान 70 भेड़ झुंड से गायब हो गईं। काफी तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। थक-हारकर रात में ही पुलिस को सूचना दी गई। पशुपालक के मुताबिक, शनिवार की भोर में भेड़ों को सोनभद्र ले जाया गया।

एक माह में यह दूसरी बड़ी घटना है। इसके पहले बीते 15 अक्टूबर को पंडी के जंगल से चोरों ने 34 बकरियां गायब कर दी थीं और पशुपालक लालमणि की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या भी कर दी थी। उस मामले का भी अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इतने में क्षेत्र में दूसरी घटना घट गई।

पशुपालकों का कहना है कि गनीमत इतनी थी कि इस बार साथ में दो लोग थे, नहीं तो यहां भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में दहशत का माहौल है। वे जंगल में भेड़-बकरी चराने जाने से भी डर रहे हैं। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

थानाध्यक्ष चकरघट्टा महेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। भेड़ों की तलाश के लिए पुलिस टीम को भेजा गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।