1200 से अधिक मतदाता वाले 187 बूथ चिह्नित
जागरण संवाददाता चंदौली विधानसभा चुनाव 2022 में कोरोना को लेकर सतर्कता रहेगी। 1200 से अ
जागरण संवाददाता, चंदौली : विधानसभा चुनाव 2022 में कोरोना को लेकर सतर्कता रहेगी। 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का विभाजन किया जाएगा। यहां दो बूथ बनाए जाएंगे। ताकि मतदान के दौरान अधिक भीड़ न बढ़ने पाए। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रशासन ने जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं की संख्या वाले 187 बूथ चिह्नित किए गए हैं। इनका विभाजन कर दो बूथ बनाए जाएंगे। हालांकि इससे पूर्व प्रशासन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में विचार-विमर्श भी करेगा। इसके बाद बूथों की सूची तैयार की जाएगी।
कोरोना का खतरा अभी भी बरकरार है। वहीं 2022 में विधानसभा चुनाव भी कराए जाएंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया विलंब से शुरू होने की वजह से हुई परेशानियों को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव की तैयारी पहले ही शुरू कर दी है। मतदाता सूची पुनरीक्षण के साथ ही बूथों का निर्धारण भी किया जा रहा है। आयोग ने जिले के ऐसे बूथों की रिपोर्ट मांगी थी, जहां 1200 से अधिक मतदाता हैं। आयोग के निर्देश के बाद निर्वाचन विभाग ने बीएलओ व अन्य माध्यमों से सर्वे कराया। इसमें जिले में 187 ऐसे मतदेय स्थल चिह्नित किए गए हैं। यहां दो बूथ बनाए जाएंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे बूथ
मुगलसराय विधानसभा में 183 मतदान केंद्र और 406 बूथ हैं। इसमें 64 बूथ ऐसे हैं, जहां 1200 से अधिक मतदाता हैं। इसी प्रकार सकलडीहा में 205 मतदान केंद्र और 352 बूथ हैं। इसमें 44 बूथ 1200 से अधिक मतदाताओं वाले हैं। सैयदराजा विधानसभा में 210 मतदान केंद्र और 355 बूथ हैं। इसमें 30 बूथ ऐसे हैं, जहां मतदाताओं की संख्या अधिक है। चकिया विधानसभा में 320 मतदान केंद्र और 420 बूथ हैं। 49 बूथ ऐसे हैं, जहां 1200 से अधिक मतदाता हैं। पुनरीक्षण अभियान में बढ़े मतदाता
निर्वाचन आयोग के आदेश पर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया जिले में जारी है। बीएलओ 18 साल से अधिक आयु वाले युवाओं के नाम सूची में शामिल कर रहे हैं। वहीं मृतकों-शिफ्टेड आदि का नाम काटा जा रहा है। अभियान के दौरान अब जिले में 2202 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में जिले में मतदाताओं की संख्या 1401981 थी। वर्तमान में 1404183 मतदाता हैं। आयोग की ओर से सूची पुनरीक्षण के लिए सितंबर से विशेष अभियान चलाया जा सकता है।
' निर्वाचन आयोग ने 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों को विभाजित कर दो बनाने का निर्देश दिया है। जिले में ऐसे 187 बूथ चिह्नित किए गए हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श के बाद बूथों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अतुल कुमार, एडीएम